अक्षय महाराण की ओड़िशा से रिपोर्ट: ओडिशा का सुंदरगढ़ ज़िला लगातार हो रही मूसलधार बारिश से बेहाल है। पिछले 24 घंटे से जारी तेज़ बरसात ने यहाँ के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश का सबसे बड़ा असर सरसरा-पटंगा नाले में देखने को मिला, जहाँ पानी का बहाव अचानक बढ़ जाने से पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया। सबसे बड़ी समस्या तब खड़ी हो गई जब राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर स्थित प्रमुख पुल पानी में डूब गए और परिवहन पूरी तरह ठप हो गया।जानकारी के मुताबिक, कंगुरुकोण्डा और कन्याश्रम पुलों पर पानी का स्तर 4 से 5 फीट तक बढ़ गया है। इसके चलते मलकानगिरी से कलिमेला जाने वाली सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। इनमें कई यात्री बसें भी फँसी हैं, जो हैदराबाद से लौट रही थीं और ओडिशा के अलग-अलग ज़िलों की ओर जा रही थीं।
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र
जानकारी के मुताबिक, सरसरा नाले पर बना पुल पहले ही नीचा था। लगातार हो रही बारिश के कारण इसमें बाढ़ का पानी इतना बढ़ गया कि पुल पर लगभग तीन फीट ऊँचाई तक पानी बहने लगा। इससे सरसरा से बलांग जाने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया है और पाँच गाँवों का संपर्क बाहरी दुनिया से कट गया है। बारिश के दौरान आसपास के जंगलों से बड़ी मात्रा में पानी बहकर सरसरा-पटंगा नाले में आ जाता है। यही पानी बाढ़ का रूप ले लेता है और पुल को डूबा देता है। स्थानीय लोग बताते हैं कि हर साल बारिश के मौसम में यहाँ यही स्थिति बनती है। जब तक बारिश जारी रहती है, तब तक इलाक़ा बाढ़ जैसी स्थिति से जूझता है। बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे हालात सामान्य होते हैं।
राहुल-तेजस्वी के मंच से मां को दी गई गाली पर PM Modi की प्रतिक्रिया, सुन नहीं पाएगी कांग्रेस-राजद
जलाशयों में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है
इस बीच मौसम विभाग ने ज़िले में चेतावनी जारी की है। अधिकारियों को अलर्ट रहने और ज़रूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को भी सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है। हालाँकि बारिश कब तक जारी रहेगी, इसको लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। सुंदरगढ़ में बारिश ने आम जीवन को ठप कर दिया है। पुल डूबने से जहाँ गाँवों का संपर्क टूटा है, वहीं लोगों में यह चिंता भी गहराई है कि अगर बारिश और तेज़ हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। अब पूरा इलाका मौसम और प्रशासनिक मदद पर निर्भर है।