Indian Politics: बिहार में चल रहे वोटर अधिकार यात्रा के 14वें दिन अपनी यात्रा का समापन करते हुए, राहुल गांधी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के हजारों कार्यकर्ताओं के बीच बिहार के रमना मैदान में एक ऐतिहासिक सभा को संबोधित किया। चिलचिलाती धूप और तपती गर्मी में भी, बिहार के युवा और कार्यकर्ता उनका हौसला बढ़ाने के लिए सुबह से ही मौजूद थे। 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई यह यात्रा, देशभर में चुनावी धांधलियों और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए की गई थी।
आपको बता दें कि इस यात्रा कि अंतिम सभा रमना मैदान स्थित वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में हुई। इसमें सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भाकपा (माले) के दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी, कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह, युवा नेता कन्हैया कुमार समेत दो दर्जन वरिष्ठ नेता शामिल हुए। महागठबंधन के सभी नेताओं ने एनडीए सरकार की जमकर आलोचना की।
RSS, अडानी और अंबानी चला रहे हैं देश की सरकार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश की सरकार आरएसएस, अडानी और अंबानी चला रहे हैं। नरेंद्र मोदी की सरकार गरीबों का अधिकार छीन रही है। बिहार से क्रांति शुरू होती है, यहीं से मताधिकार की लड़ाई शुरू हुई है। यह लड़ाई पूरे देश में फैलने वाली है। जनता से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में एक भी वोट की चोरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा में लोकसभा चुनाव में वोट चोरी कर सरकार बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने मतदाता अधिकार यात्रा में सहयोग के लिए बिहार के युवाओं का आभार व्यक्त किया। राहुल और तेजस्वी का काफिला भोजपुर जिले के बड़हरा विधानसभा के बबुरा में सुबह 11:28 बजे प्रवेश किया और सकड्डी से कायम नगर, धरहरा मोड़, सपना सिनेमा होते हुए दोपहर 1 बजे रमना मैदान पहुँचा। महागठबंधन के कार्यकर्ता जगह-जगह उनके स्वागत के लिए खड़े थे। सभा में नेता एक घंटा 41 मिनट तक मंच पर रहे। राहुल गांधी दोपहर 2 बजे हेलीकॉप्टर से आरा से रवाना हुए।
सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार वोटों की चोरी कर रही है। बिहार में 60 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जिनमें से 22 लाख दूसरे राज्यों में काम कर रहे हैं। आरा के मंटू पासवान को न्यायालय के आदेश से मतदाता बनाया गया। सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। वोटिंग मतदाता सूची के ज़रिए होती है और उसमें छेड़छाड़ की जा रही है। सरकार हिंदू महासभा के एजेंडे को लागू करना चाहती है। सभा को सांसद मनोज राम, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह, राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, कांग्रेस के कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा, विधायक राहुल तिवारी आदि ने संबोधित किया।