LPG Fraud Complaint India: दुनिया के कई हिस्सों में चल रहे युद्ध खासकर के मिडिल ईस्ट में यूएस-ईरान के बीच जंग ने सभी देशों को हिलाकर रख दिया है. इस भू-राजनीतिक तनाव का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई देने लगा है. तेल और गैस सप्लाई प्रभावित होने के कारण एलपीजी (LPG) की उपलब्धता कई जगहों पर कम हो गई है.
इसका सीधा असर गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर पड़ा है, जहां लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. कई उपभोक्ता शिकायत कर रहे हैं कि बुकिंग के बावजूद डिलीवरी में देरी हो रही है, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है.
सप्लाई के साथ बढ़ रही शिकायतें!
सिर्फ देरी ही नहीं, बल्कि कुछ क्षेत्रों में अनियमितताओं की शिकायतें भी सामने आ रही हैं. कई यूजर्स का कहना है कि डिलीवरी के समय उनसे अतिरिक्त पैसे मांगे जा रहे हैं, जो तय कीमत से ज्यादा हैं. वहीं कुछ मामलों में बिना सिलेंडर डिलीवर किए ही सिस्टम में ‘डिलीवर’ दिखा दिया जाता है.
यानी एक तरफ गैस की कमी से परेशानी है, तो दूसरी तरफ कुछ लोग इस स्थिति का गलत फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं की दिक्कतें और बढ़ रही हैं.
तय कीमत से ज्यादा वसूली है गलत
गैस सिलेंडर की कीमत सरकार और संबंधित ऑयल कंपनियों द्वारा तय की जाती है, जिसमें डिलीवरी चार्ज भी शामिल होता है. ऐसे में उपभोक्ताओं से अतिरिक्त पैसे मांगना पूरी तरह गलत और नियमों के खिलाफ है. ग्राहकों को केवल वही राशि देनी चाहिए, जो आधिकारिक रूप से निर्धारित है. यदि कोई डिलीवरी एजेंट या एजेंसी अतिरिक्त पैसे की मांग करती है, तो यह उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन माना जाएगा और इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.
ऐसे कर सकते हैं शिकायत
यदि आपको एक्स्ट्रा चार्ज, डिलीवरी में देरी या फर्जी डिलीवरी जैसी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो कई विकल्प मौजूद हैं. सबसे पहले आप अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं, जहां कई बार समस्या तुरंत हल हो जाती है. अगर वहां से संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तो संबंधित गैस कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जहां आपकी समस्या को आगे बढ़ाया जाता है और समाधान सुनिश्चित करने की कोशिश की जाती है.
ऑनलाइन और फोन से शिकायत का आसान तरीका
आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन शिकायत करना सबसे आसान और तेज तरीका है. आप संबंधित गैस कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. इसके अलावा टोल-फ्री नंबर के जरिए भी समस्या बताई जा सकती है. शिकायत करते समय अपनी कंज्यूमर आईडी, बुकिंग नंबर और समस्या का पूरा विवरण देना जरूरी है. यदि आपके पास कोई बिल, मैसेज या स्क्रीनशॉट है, तो उसे सुरक्षित रखना चाहिए, ताकि शिकायत की जांच और समाधान तेजी से हो सके.
Ram Navami 2026: 26 या 27 मार्च? आपके शहर में कब बंद रहेंगे बैंक; यहां देखें पूरी लिस्ट