Dawood Ibrahim Gang: मुंबई पर अंडरवर्ल्ड डॉन्स का कब्जा था। डॉन की दहशत को आपने कई फिल्मों के जरिए भी देख ही लिया होगा। बॉलीवुड पर भी 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड डॉन्स की दहशत रहती थी। मुंबई की गलियों में इस दहशत की गूंज सुनाई देती थी। फिल्म इंडस्ट्री पर डॉन का कब्जा इतना था कि फिल्म में कौन कास्ट होगा और कौन नहीं इसमें भी डॉन दखल दिया करते थे। दाऊद और उसके गुर्गे पूरी मुंबई पर राज किया करते थे। इसी काली दुनिया का एक नाम था अबू सलेम। अपराध की दुनिया का कुख्यात गैंगस्टर अबू सलेम दाऊद का बेहद करीबी गुर्गा माना जाता था। इसने बॉलीवुड की गलियों में कई कहानियों को जन्म दिया और कई कहानियां खत्म की। इसी गैंगस्टर के प्यार में एक बॉलीवुड की खूबसूरत हसीना ने अपनी जिंदगी तबाह कर ली।
इस डॉन के प्यार में पागल थी बॉलीवुड एक्ट्रेस
अबू सलेम उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से मुंबई आया था। कभी एक साधारण ड्राइवर नजर आने वाला ये व्यक्ति अपराध की दुनिया का इक्का साबित होगा, ये कहां किसी को खबर थी। साल 1989 में उसने दाऊद इब्राहिम की काली दुनिया में अपना कदम रखा। धीरे-धीरे अपने काम से उसने दाऊद के गैंग में अपनी एक अहम जगह बना ली। अंडरवर्ल्ड में उसकी पहचान बनने लगी, लोग उसके खौंफ से थर-थर कांपने लगे। वहीं दूसरी तरह मोनिका बेदी ने फिल्मी दुनिया में अपना कदम रखा। कुछ ही फिल्मों ने मोनिका को बड़ी पहचान दे दी। धीरे-धीरे एक्ट्रेस का नाम अबू सलेम से जुड़ने लगा। मीडिया में दोनों की तस्वीरें भी वायरल होने लगी। धीरे-धीरे यह रिश्ता मोनिका के करियर को दबाता चला गया।
1993 के बम धमाकों में शामिल था अबु सलेम
जानकारी के मुताबिक, अबू अपने खौफ का फायदा उठाकर मोनिका को फिल्मों में कास्ट करवाता था। लेकिन इसके बावजूद मोनिका लगातार विवादों में घिरती चली गई। मोनिका बेदी ने तेलुगु फिल्म ‘ताजमहल’ से करियर की शुरुआत की थी। लेकिन बॉलीवुड में उन्हें केवल ‘गैंगस्टर की गर्लफ्रेंड’ के तौर पर जाना गया। 2005 में मोनिका को पुर्तगाल में फर्जी पासपोर्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वहीं अबु सलेम पर 1993 के बम धमाकों का आरोप साबित हुआ था। मोनिका भी अबु सलेम के सारे गैर कानूनी कामों के बारे में जानती थी। लेकिन उसके खिलाफ सबूत नहीं मिले।