Yadav Ji Ki Love Story movie controversy: मनोज बाजपेयी की ‘घूसखोर पंडित’ के बाद अब फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ भी विवादों में घर गई है. फिल्म के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए हैं, मामला फिलहाल संभलता हुआ नजर नहीं आ रहा है. उत्तर-प्रदेश के संभल में बढ़ते विरोध के बीच अब धनारी थाना पुलिस में फिल्म को लेकर केस भी दर्ज किया जा चुका है. फिल्म के प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और हीरो-हीरोइन समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. यह फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही है. इससे पहले फिल्म का काफ ज्यादा विरोध हो रहा है. इसको लेकर यादव समाज में काफी आक्रोश और नाराजगी देखने को मिल रही है.
फिल्म के खिलाफ नाराजगी
संभल के धनारी थाने में फिल्म के प्रोड्यूसर संदीप तोमर, डायरेक्टर अंकित भड़ाना, हीरो विशाल मोहन और हीरोइन प्रगति तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में यादव समाज की आस्था और संस्कृति को गलत तरीके से पेश किया गया है. फिल्म में यादव लड़की और दूसरे समुदाय के लड़के की प्रेम कहानी को बेहद आपत्तिजनक तरीके से पेश किया गया है. इससे समाज की छवि खराब हो रही है और सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित हो सकता है. फिल्म को लेकर यादव समाद में काफी आक्रोश है. थानाध्यक्ष संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. मामला की जांच की जा रही है.
फिल्म पर रोक की मांग
इस फिल्म के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए हैं. कई लोग ने फिल्म के पोस्टर जलाकर इसका विद्रोह किया है. प्रदर्शनकारियों ने फिल्म की रिलीज पर तत्काल रोक की मांग की है. प्रदर्शनकारियों ने इस फिल्म के खिलाफ हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का रुख करने की भी बात कही है. यादव समाज ने सिनेमा हॉल के संचालकों को भी चेतावनी दी है, अगर फिल्म दिखाई गई तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद
फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर भी विवाद गहराया था. लोगों ने फिल्म के नाम पर विरोध जताया है. इस फिल्म में मनोज बाजपेयी अहम किरादर में है. वह पुलिस अधिकारी अजय दीक्षित की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म में उन्हें पंडित के नाम से संबोधित किया गया है. इसके डायलॉग और इसके नाम को लेकर विवाद है.