UP PCS Mains Exam: लंबे समय से PCS मेन परीक्षा के नतीजों का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने रविवार देर रात कंबाइंड स्टेट/अपर सबऑर्डिनेट सर्विसेज़ (PCS) मेन (लिखित) परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस परीक्षा में सफल घोषित उम्मीदवार अब इंटरव्यू राउंड में शामिल हो सकेंगे. आयोग की ओर से कुल 2719 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए योग्य माना गया है. उम्मीदवार अपना रिजल्ट UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर देख सकते हैं. यह परीक्षा प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, इसलिए रिजल्ट आने के बाद उम्मीदवारों में खुशी और उत्साह का माहौल है.
कितनी वैकेंसी और कैसे हुआ चयन
PCS भर्ती के तहत कुल 947 पदों पर नियुक्ति की जानी है, जो 24 अलग-अलग कैटेगरी में बंटे हुए हैं. इन पदों के लिए मुख्य (मेन) परीक्षा का आयोजन 26 जून से 2 जुलाई 2025 के बीच लखनऊ और दिल्ली में किया गया था. इस परीक्षा में कुल 13,776 उम्मीदवार शामिल हुए थे. आयोग के अनुसार, एक कैटेगरी में शामिल 60 पदों पर चयन सिर्फ लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, लेकिन इन पदों का परिणाम फाइनल सिलेक्शन रिजल्ट के साथ ही घोषित होगा. बाकी 887 पदों के लिए चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ इंटरव्यू भी शामिल है. इसी कारण 2719 उम्मीदवारों को इंटरव्यू राउंड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है.
कोर्ट केस, इंटरव्यू और कट-ऑफ से जुड़ी अहम जानकारी
UPPSC के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि PCS परीक्षा से जुड़ी 15 रिट याचिकाएं इस समय इलाहाबाद हाई कोर्ट में विचाराधीन हैं. इन याचिकाओं से जुड़े उम्मीदवारों के रिजल्ट फिलहाल जारी नहीं किए गए हैं. कोर्ट के फैसले के बाद उनके दस्तावेजों की जांच की जाएगी. इसके अलावा, राज्य सरकार की ओर से दायर विशेष अपील पर भी अंतिम फैसले का इंतजार है. सचिव ने यह भी बताया कि इंटरव्यू और उम्मीदवारों की प्राथमिकताओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग जल्द ही अलग से जारी करेगा. वहीं, फाइनल PCS रिजल्ट घोषित होने के बाद ही उम्मीदवारों के प्राप्त अंक, कट-ऑफ स्कोर और अन्य विवरण सार्वजनिक किए जाएंगे. सूचना का अधिकार (RTI) के तहत अंकों और कट-ऑफ से संबंधित आवेदन पर भी फाइनल रिजल्ट के बाद ही विचार किया जाएगा.