Aurangabad Tilak Ceremony Tragedy: विद्युत करंट लगने से युवक की मौत हो गई. घटना फेसर थाना क्षेत्र के देवरिया रुस्तम गांव की है. मृतक की पहचान जनेश्वर पाल के 26 वर्षीय पुत्र रितेश पाल के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार युवक का आज तिलक समारोह था. लेकिन इसके पूर्व शादी की खुशियां मातम में बदल गई.
सोमवार को होना था तिलक समारोह
रितेश की शादी के गंगहर गांव के संजय पाल की पुत्री श्रुति कुमारी के साथ तय हुई थी. सोमवार (20 अप्रैल 2026) को तिलक समारोह होना था. इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रही थी. घर को फूलों से सजाया गया, पंडाल लगाया गया. मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बेहद उत्साहित थे.
रास्ते में तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार सुबह रितेश जल्दी उठकर तैयारियों में जुट गया था. पानी के लिए घर में लगे मोटर को चालू करने गया. अचानक उसे झटका लगा. वही गंभीर रूप से झुलस गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली का कनेक्शन काटा. इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गए. वहां से चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद जमुहार स्थित मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
बजने वाली थी शहनाई, अब पसरा सन्नाटा
मौत के बाद परिजन शव को वापस सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां नगर थाना की पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया. माता-पिता और परिजन शव से लिपटकर रोते-बिलखते रहे. जिस घर में कुछ ही घंटों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब सन्नाटा और चीख-पुकार गूंज रही है.
तीन भाइयों में सबसे बड़ा
तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. दूसरे राज्य में रहकर जेसीबी मशीन चलाता था. शादी के चलते वह कुछ दिन पहले ही घर लौटा था. थानाध्यक्ष वर्षा कुमारी ने बताया कि विद्युत करंट से एक युवक की मौत हुई है. पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

