Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज एक शख्स ने अचानक हमला कर दिया। दरअसल, रेखा गुप्ता आज अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर रही थीं, तभी उन पर यह हमला हुआ। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। हालाँकि, हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जानकारी मिली है कि बुधवार सुबह सीएम आवास पर जनसुनवाई चल रही थी। इसी दौरान एक शख्स आया, ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने लगा, थप्पड़ मारने लगा और गाली-गलौज करने लगा। सीएम रेखा गुप्ता के साथ गंभीर हाथापाई भी हुई। इसे उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।
आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ी
इस घटना के बाद सीएम आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर भी सीएम आवास पहुँच गए हैं। दिल्ली पुलिस की टीमें आरोपी व्यक्ति से पूछताछ कर रही हैं। डीसीपी उत्तरी जिला समेत कई अधिकारी घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। आरोपी कैसे अंदर आया और सीएम रेखा गुप्ता के इतने करीब कैसे पहुँचा? ये सारे सवाल स्टाफ से भी पूछे जा रहे हैं।
इन नेताओं ने की हमले की कड़ी निंदा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा की। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि वे भी मुख्यमंत्री आवास जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की मेडिकल जाँच के लिए डॉक्टरों को बुलाया गया है, जिसके बाद पता चलेगा कि उन्हें कितनी चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि हमलावर किसी अदालती मामले का हवाला दे रहा था। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने की हमले की निंदा
आम आदमी पार्टी की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इस हमले की निंदा की है। उन्होंने पोस्ट किया, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध के लिए जगह है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।”