Nanouta robbery case: थाना नानौता क्षेत्र में हुई नकबजनी/चोरी की घटना का पुलिस ने महज 12 घंटे में सफल अनावरण कर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और नकदी भी बरामद की है.
जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को कस्बा नानौता निवासी मोहम्मद असगर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर करीब 1.25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 73 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए. इस पर थाना नानौता में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया.
तत्काल कार्रवाई के बाद पकड़े गए तीनों आऱोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच की गई. परिणामस्वरूप 19 अप्रैल को पुलिस ने ईदगाह के पास स्थित आम के बाग से तीन अभियुक्तों- यूनुस, सलमान और शुभम को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों के पास से बरामद चीजें
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 जोड़ी पाजेब, 8 अंगूठियां, 2 छल्ले, 1 चैन (सभी सफेद धातु) और 15,600 रुपये नकद बरामद किए. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं.
अभियुक्तों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिनमें चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है.
The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

