Home > उत्तर प्रदेश > Mathura Junction security: मथुरा जंक्शन पर हाईटेक निगरानी, 211 कैमरों से लैस हुआ स्टेशन

Mathura Junction security: मथुरा जंक्शन पर हाईटेक निगरानी, 211 कैमरों से लैस हुआ स्टेशन

Mathura Junction security: मथुरा जंक्शन पर 211 4K कैमरों से लैस केंद्रीकृत सुपर सर्विलांस सिस्टम लगाया गया, स्टेशन के हर हिस्से की रियल-टाइम निगरानी संभव, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सकेगी, यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और बेहतर अनुभव.

By: Ranjana Sharma | Published: April 20, 2026 5:30:10 PM IST



Mathura Junction security: मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. आगरा मंडल के अंतर्गत स्टेशन पर आधुनिक केंद्रीकृत ‘सुपर सर्विलांस सिस्टम’ की स्थापना सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है. इस नई तकनीकी व्यवस्था के जरिए पूरे स्टेशन परिसर पर अब पहले से कहीं ज्यादा कड़ी और हाई-क्वालिटी निगरानी रखी जा सकेगी.

हाईटेक कैमरों से लैस हुआ

जनसंपर्क सूचना अधिकारी संजय गौतम के अनुसार, मथुरा जंक्शन पर कुल 211 अत्याधुनिक 4K कैमरे लगाए गए हैं. इन सभी कैमरों को एक केंद्रीकृत सर्विलांस सिस्टम से जोड़ा गया है, जिससे पूरे स्टेशन की गतिविधियों पर एक ही जगह से नजर रखी जा सकेगी. इस नई प्रणाली के जरिए प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज समेत स्टेशन के सभी महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो गई है. इससे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी.

आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित मदद

सुपर सर्विलांस सिस्टम के लागू होने से किसी भी आपात स्थिति में रेलवे प्रशासन तुरंत प्रतिक्रिया दे सकेगा. इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित माहौल मिलेगा. रेलवे का यह कदम यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इससे स्टेशन पर अपराध और अव्यवस्था को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी.

आगरा मंडल का तकनीकी उन्नयन पर जोर

यह कार्य मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर सुबोध राजपूत के निर्देशन में पूरा किया गया. आगरा मंडल लगातार यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तकनीकी उन्नयन कर रहा है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy. 

Advertisement