Raebareli DM Harshita Mathur Award: ताप्ती गर्मी के बीच रायबरेली के लिए राहत और गौरव भरी खबर आई है. ग्रामीण पेयजल आपूर्ति और ‘हर घर जल’ योजना को धरातल पर उतारने के लिए जिले की जिलाधिकारी हर्षिता माथुर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है. जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘पेयजल संवाद’ में डीएम के नवाचारों और बेहतर डेटा प्रबंधन की जमकर सराहना हुई.
दिल्ली में गूंजा रायबरेली का नाम
नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने डीएम हर्षिता माथुर को प्रशस्ति-पत्र देकर नवाजा. यह सम्मान उन्हें पेयजल संवाद (नींव से शिखर तक) के दौरान प्रभावशाली प्रस्तुति और जिले में सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिया गया है.
अपर सचिव ने थपथपाई पीठ
कार्यक्रम में मौजूद अपर सचिव एवं मिशन निदेशक कमल किशोर सोन ने रायबरेली प्रशासन के नेतृत्व की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि रायबरेली में जिस तरह से डेटा-संचालित सूचनाओं और नवाचार का प्रयोग कर ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन पहुंचाई गई है, वह अन्य जिलों के लिए प्रेरणा है.
जिले में हर्ष का माहौल
डीएम को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से जिले के प्रशासनिक महकमे में खुशी की लहर है. जानकारों का कहना है कि ‘हर घर जल’ विजन के प्रति डीएम की प्रतिबद्धता का ही नतीजा है कि आज रायबरेली ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है.
The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.