Home > उत्तर प्रदेश > Uttar Pradesh News: चंदौली में रंगदारी गैंग का पर्दाफाश, लड़कियों से कर थे जबरन वसूली; दो आरोपी गिरफ्तार

Uttar Pradesh News: चंदौली में रंगदारी गैंग का पर्दाफाश, लड़कियों से कर थे जबरन वसूली; दो आरोपी गिरफ्तार

Uttar Pradesh News: चंदौली जिले की धानापुर पुलिस ने लड़कियों को धमकाकर रंगदारी मांगने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गहने व नकदी ऐंठते थे.

By: Preeti Rajput | Last Updated: April 18, 2026 10:23:36 PM IST



Uttar Pradesh News:  उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की धानापुर पुलिस ने लड़कियों को धमकाकर रंगदारी मांगने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी अपने शौक पूरे करने के लिए लड़कियों को निशाना बनाते थे और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गहने व नकदी ऐंठते थे.

चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

धानापुर थाना क्षेत्र के प्रसादपुर निवासी घनश्याम यादव ने पुलिस को लिखित तहरीर दी. उन्होंने बताया कि मोहित यादव पुत्र शिवकुमार यादव और नीरज यादव पुत्र निर्गुण यादव (निवासी ग्राम बड़ी रामराज, धानापुर) ने उनकी बेटी को परिवार को जान से मारने की धमकी दी. डर के कारण उनकी बेटी ने घर में रखे मां के गहने और एक लाख रुपये इन आरोपियों को दे दिए.

रंगदारी मांगने वाले दो शातिर गिरफ्तार

इस शिकायत के आधार पर धानापुर पुलिस ने दोनों आरोपियों मोहित यादव और नीरज यादव को शहीद गांव के पास से गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पैजनी, एक सोने का मांग टीका, एक सोने की अंगूठी, एक चांदी की कमरबंद, दो सोने के कान के टॉप्स, एक सोने की नथिया और 1 लाख 350 रुपये बरामद किए गए. बरामद सामान की कुल कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.

शौक पूरे करने के लिए करते थे ऐसी वारदातें 

क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने मीडिया को बताया कि ये दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए ऐसी वारदातें करते थे. पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे इन पैसों को घूमने-फिरने पर खर्च करते थे और बाकी बचे गहनों को बेचने की फिराक में थे.आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन, उप निरीक्षक अभिराज सरोज, उप निरीक्षक विनोद यादव, उप निरीक्षक हरिशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश यादव और कांस्टेबल सुमित सिंह शामिल थे. स्नेहा तिवारी ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के अपराध एवं अपराधियों पर रोकथाम और घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के आदेश के तहत की गई है.

Disclaimer:  The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement