Poonam Pandey Premanand Maharaj | Poonam Pandey Vrindavan Visits: मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे अक्सर अपने बयानों और विवादों को लेकर चर्चा में रहती हैं. कभी अपनी मौत की झूठी खबर फैलाने को लेकर सुर्खियों में रहीं तो कभी बेबाक टिप्पणियों से लोगों को चौंकाया. लेकिन इस बार उनका एक अलग और आध्यात्मिक रूप देखने को मिला है. होली से पहले पूनम पांडे उत्तर प्रदेश के पवित्र शहर वृंदावन पहुंचीं, जहां वे कृष्ण भक्ति में लीन नजर आईं. उनकी इस धार्मिक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुन रो पड़ी
वृंदावन में उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के सत्संग में हिस्सा लिया. एक तस्वीर में वह ध्यान से प्रवचन सुनती दिखीं. सत्संग के दौरान वह भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. यह पल उनके आध्यात्मिक जुड़ाव को दर्शाता नजर आया.
बांके बिहारी के किए दर्शन
सत्संग के बाद पूनम पांडे ने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए. मंदिर में प्रवेश करते ही वह फिर भावुक हो गईं. वहां उन्होंने हाथ जोड़कर प्रार्थना की और मन्नत मांगी. उनके चेहरे पर दिख रही भावनाएं इस बात का संकेत दे रही थीं कि यह यात्रा उनके लिए खास मायने रखती है.
ई-रिक्शा से घूमती भी नजर आईं पूनम पांडे
कन्हैया की नगरी में पूनम पांडे ई-रिक्शा से घूमती भी नजर आईं. साधारण सलवार-सूट और बिना मेकअप के उनके इस रूप ने कई लोगों को हैरान कर दिया. सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं. किसी ने उनके सादगी भरे अंदाज की तारीफ की तो किसी ने इसे उनके जीवन के नए दौर की शुरुआत बताया. वहीं कुछ लोगों ने तंज भी कसे. फिलहाल, पूनम पांडे की यह आध्यात्मिक यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है. अब देखना होगा कि वृंदावन से लौटने के बाद उनकी जिंदगी में यह भक्ति भाव कितना स्थायी बदलाव लाता है.