Yash Dayal Harassment Case: पिछले हफ्ते शनिवार को RCB से जुड़े एक खिलाड़ी को लेकर एक खबर ने हंगामा मचा दिया था। दरअसल क्रिकेटर यश दयाल पर शादी का झांसा देकर एक महिला का शोषण करने का आरोप लगा है। इस महिला ने बताया कि उसका आरसीबी के स्टार गेंदबाज के साथ 5 साल तक संबंध रहा, लेकिन इस दौरान उसका शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक शोषण किया गया। अब एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यश दयाल के कई महिलाओं से संबंध थे।
दैनिक भास्कर के मुताबिक, शिकायत करने वाली महिला ने आरोपों की लिस्ट लंबी कर दी है। शिकायत में दावा किया गया कि यश दयाल के कई महिलाओं से संबंध थे। गाजियाबाद पुलिस ने भारतीय क्रिकेटर का बयान दर्ज करने के बाद उसे नोटिस भेजा है। इसी रिपोर्ट में बताया गया कि इस महिला से यश दयाल की बातचीत सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई थी। यह महिला यश दयाल के परिवार की करीबी थी और उनके घर पर ही रहती थी। हालांकि, यश दयाल के पिता ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया है।
कई अन्य रिलेशनशिप में था आरसीबी का यह स्टार
शिकायत दर्ज कराने वाली महिला ने यह भी दावा किया कि वह फरवरी 2025 में आरसीबी के एक खिलाड़ी के विवाह समारोह में शामिल हुई थी। यहीं से यश दयाल से उसकी सगाई की बात सामने आई थी। उसने बताया कि जब यश उसके साथ रिलेशनशिप में था, तब आरसीबी का यह स्टार खिलाड़ी कई अन्य रिलेशनशिप में भी था। 17 अप्रैल को उसके पास एक अन्य महिला का फोन आया, जिसने यश दयाल के साथ रिलेशनशिप में होने का सबूत दिया। 3 अन्य महिलाओं ने भी इसी तरह के दावे किए हैं।
‘सत्ता, पैसे और शोहरत के जरिये दबाया जा रहा मामला’
दैनिक भास्कर के अनुसार, इस महिला ने कहा, “इस मामले को सत्ता, पैसे और शोहरत के जरिए दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन मुझे भारतीय न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। मैं यह सब अनदेखा कर सकती थी, लेकिन मुझे कैसे पता चलता कि वह धोखा दे रहा है। मैंने सब कुछ भगवान पर छोड़ दिया और जब उसके परिवार के लोग मेरे साथ गलत व्यवहार करने लगे, तब मैंने कानून का सहारा लिया।”