PM Modi visit postponed: राजस्थान के नागौर से सांसद और RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने बाड़मेर की पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग को लेकर राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता है—और इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा स्थगित होना इस घटना की गंभीरता को और बढ़ाता है.
सुरक्षा कारणों के चलता पीएम मोदी का दौरा स्थगित
दरअसल, जिस CDU/VDU यूनिट का उद्घाटन पीएम मोदी करने वाले थे, आग उसी यूनिट में लग गई. इस घटनाक्रम के बाद सुरक्षा कारणों से पीएम का पचपदरा दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.
आग के कारणों की जांच जारी
सोमवार को रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. फायर ब्रिगेड और आपातकालीन टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी बड़ी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि आग के कारणों की जांच जारी है.
विपक्ष का भजन लाल सरकार पर निशाना
बेनीवाल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से सवाल करते हुए कहा कि जब पीएम का दौरा तय था, तो क्या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल दिखावे की तैयारियों में व्यस्त रही और इतनी संवेदनशील जगह की सुरक्षा को नजरअंदाज किया गया.
उन्होंने कहा कि उद्घाटन से ठीक पहले उसी यूनिट में आग लगना जहां कार्यक्रम होना था, प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करता है. इस घटना से न सिर्फ आमजन की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं, बल्कि राज्य के निवेश और औद्योगिक माहौल पर भी असर पड़ सकता है. बेनीवाल ने इस गंभीर चूक की जिम्मेदारी तय करने और मुख्यमंत्री से सार्वजनिक जवाब देने की मांग की है.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

