Bhilai Violence News: मध्य प्रदेश के भिलाई के कैंप क्षेत्र बच्चों के मामूली विवाद के चलते 2 पक्षों के बीच के बीच हिंसक झड़प हो गई.देखते-देखते विवाद हिंसा का रूप ले लिया. कुछ देर में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया. हिंसा की सूचना पर छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हिंसा को काबू करने और दोनों पक्षों का बीच बचाव करने के दौरान छावनी थाना सीएसपी घायल हो गए. हालात सामान्य करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पूरा मामला सोनकर मोहल्ले का है. सूत्रों के मुताबिक, एक पक्ष का लड़का दूसरे पक्ष की लड़की को लेकर भगा ले गया, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया. हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.
क्यों हुआ 2 पक्षों में विवाद
पूरी घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, शारदापारा इलाके में बच्चों के बीच हुए एक मामूली झगड़े से विवाद की शुरुआत हुई. कुछ ही देर में बच्चों के विवाद में बड़े भी शामिल हो गए. देखते-देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. कुछ ही देर में दोनों ओर से पत्थरबाजी होने लगी. घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस को भी निशाना बनाया.
पथराव में कई पुलिसवाले घायल
दोनों पक्षों ने पुलिस को देखते ही उस पर भी पथराव शुरू कर दिया. सीएसपी छावनी सहित कई पुलिसकर्मी पथराव के चलते घायल हो गए. हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. इसके बाद हालात के मद्देनजर 2 एएसपी, 12 थाना प्रभारी और 300 से अधिक पुलिस जवान हिंसा वाले सोनपुर मोहल्ले में पहुंचे. इसके बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है. मौके पर पुलिस बल तैनात है और हालात पूरी तरह शांत होने तक जवानों की तैनाती रहेगी.
बच्चों के विवाद ने पकड़ लिया तूल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मणि शंकर चंद्र) का इस घटना के बारे में कहना है कि भिलाई के शारदापारा के अहमदनगर में बच्चों के विवाद ने तूल पकड़ा और हिंदू-मुस्लिम विवाद हो गया. पथराव के बीच सीएसपी छावनी और पुलिस कर्मियों को भी चोट आई है. मोहल्ले को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. फिलहाल दो ASP और एक दर्जन थाना प्रभारी ने मोर्चा संभाला हुआ है. यहां पर 300 से अधिक की संख्या में पुलिस बल तैनात है.