मनीष मेहता की रिपोर्ट, Ranchi News: झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। चतरा जिले के चार प्रखंडों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि करीब 600 घर पानी से घिर गए हैं। वहीं, रांची समेत कई जिलों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। चतरा जिले के गिद्धौर अंचल कार्यालय में घुटनों तक पानी भर गया है।
मूसलधार बारिश
तीन दिनों से जारी मूसलधार बारिश के चलते पूरे कार्यालय परिसर में जलजमाव की स्थिति बन गई है। दफ्तर में आने-जाने वाले ग्रामीणों से लेकर पदाधिकारियों और कर्मचारियों तक सभी को पानी लांघकर अंदर जाना पड़ रहा है। लोग अपने जरूरी काम के लिए आते हैं, लेकिन परिसर में जलभराव के कारण कार्यालय तक पहुंचना बेहद कठिन हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में इसी तरह की स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन की ओर से जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जाती। इस बार भी हालात इतने बिगड़ गए हैं कि सरकारी दफ्तर तक पानी में डूब गया है।
उत्तराखंड में फिर दिखा कयामत जैसा मंजर, रातों-रात मची ऐसी तबाही, सोते के सोते रह गए लोग
कई गांवों का संपर्क टूटा
पिछले तीन दिनों से मानसून बेहद सक्रिय है। हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, रामगढ़ और रांची में लगातार हो रही बारिश से छोटी-बड़ी नदियां उफान पर हैं। गांवों और कस्बों की निचली बस्तियां डूब गई हैं। चतरा जिले के गिद्धौर, इटखोरी, मयूरहंड और कान्हाचट्टी प्रखंड सबसे अधिक प्रभावित हैं। इन इलाकों में सैकड़ों लोग घरों में ही पानी से घिरे हुए हैं और प्रशासन राहत-बचाव कार्य में जुटा है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक और बारिश की संभावना जताई है। रांची, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।