Home > देश > Monalisa marriage controversy: नाबालिग है कुंभ की वायरल गर्ल मौनालिसा? निर्देशक सनोज मिश्रा परिजनों से मिले, सरकार से की ये मांग

Monalisa marriage controversy: नाबालिग है कुंभ की वायरल गर्ल मौनालिसा? निर्देशक सनोज मिश्रा परिजनों से मिले, सरकार से की ये मांग

Monalisa marriage controversy: महाकुंभ से चर्चा में आई मोनालिसा की शादी को लेकर नया विवाद सामने आया है. फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के निर्देशक सनोज मिश्रा ने दावा किया है कि मोनालिसा नाबालिग है और उसकी वास्तविक उम्र की जांच होनी चाहिए.

By: Ranjana Sharma | Published: March 15, 2026 9:31:27 PM IST



Monalisa marriage controversy: महाकुंभ के दौरान वायरल हुई मोनालिसा की शादी को लेकर एक बार फिर नया विवाद सामने आ गया है. फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के निर्देशक सनोज मिश्रा ने दावा किया है कि मोनालिसा नाबालिग है और उसकी वास्तविक उम्र की जांच कराई जानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि दस्तावेजों में बदलाव कर उसकी शादी एक मुस्लिम युवक से कराई गई है.

महेश्वर पहुंचकर परिवार से मुलाकात

निर्देशक सनोज मिश्रा ने फोन पर बातचीत में बताया कि वे फिलहाल महेश्वर में हैं और मोनालिसा के परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं. उनके अनुसार, वहां आने का उद्देश्य पूरे मामले की सच्चाई सामने लाना और मोनालिसा की वास्तविक उम्र की जानकारी जुटाना है.
मिश्रा का कहना है कि महाकुंभ के समय मोनालिसा की उम्र करीब 16 साल थी. ऐसे में यदि उसकी शादी कराई गई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. निर्देशक ने कहा कि वे चाहते हैं कि मोनालिसा का मेडिकल एग्जामिनेशन कराया जाए, जिससे उसकी सही उम्र का पता लगाया जा सके. उन्होंने यह भी मांग की कि इस मामले से जुड़े लोगों के खिलाफ जरूरी धाराओं में कार्रवाई की जाए.

फिल्म को लेकर भी लगाया आरोप

सनोज मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनकी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ को रोकने के लिए सुनियोजित तरीके से साजिश रची गई. उनके अनुसार एक पूरा तंत्र यह प्रचार कर रहा है कि मोनालिसा और फरमान की शादी सच्चे प्यार का परिणाम है, जबकि असल स्थिति इससे अलग है. मिश्रा का दावा है कि मोनालिसा अपने पिता जय सिंह भोंसले के साथ केरल से महेश्वर जा रही थी, लेकिन अचानक वह पुलिस स्टेशन पहुंचती है और जल्दबाजी में एक हिंदू मंदिर में उसकी शादी कराई जाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि उसी समय विवाह प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया. निर्देशक ने यह भी कहा कि शादी के दौरान सत्ताधारी दल से जुड़े कई नेता और मंत्री मौजूद थे और पूरे घटनाक्रम को “रियल केरल स्टोरी” की तरह पेश किया गया.

फिल्म प्रोजेक्ट पर पड़ा असर

सनोज मिश्रा के मुताबिक उनकी फिल्म का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था और इसमें मोनालिसा का अहम किरदार था. फिल्म का टीजर, डबिंग और ट्रेलर भी तैयार हो चुका था और इसे सोनी पिक्चर के जरिए करीब 2000 स्क्रीन पर रिलीज करने की योजना थी. हालांकि, इस विवाद के बाद उनका कहना है कि पूरा प्रोजेक्ट प्रभावित हो गया है.

Advertisement