wife attacks husband: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहाँ एक पति गहरी नींद में सो रहा था। तभी पत्नी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। फिर वह वहाँ से भाग गई। पत्नी की इस हरकत से परिवार और गाँव के लोग भी दंग रह गए। पत्नी के हमले से घायल पति को इलाज के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने ससुर की तहरीर पर आरोपी बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
यह घटना महाराजगंज के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पतरेंगवा सुकऊ टोला गाँव की है। पुलिस आरोपी पत्नी की तलाश कर रही है। घायल राजेंद्र के पिता भोला यादव ने सिंदुरिया पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके तीन बेटे हैं। इनमें से राजेंद्र और इंदर अलग-अलग रहते हैं। राजेंद्र की शादी कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के नवतर बोधीछापर निवासी रीता से हुई है।
पति से रोज़ होता था झगड़ा
रीता का अपने पति राजेंद्र से आए दिन झगड़ा होता रहता है। 16 जुलाई को उसने सिंदुरिया थाने में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। 17 जुलाई को बहू के भाई कमलेश ने गवाह बनकर समझौता करवा दिया था। आरोप है कि शुक्रवार आधी रात को रीता ने सो रहे अपने पति राजेंद्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग और परिजन घायल राजेंद्र को इलाज के लिए महाराजगंज ले गए, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी बहू की तलाश जारी
ससुर का आरोप है कि उसकी बहू रीता ने अपने भाई और पिता के उकसावे पर योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद से आरोपी बहू फरार है। सिंदुरिया थाने के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी महिला रीता पत्नी राजेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बहू की तलाश जारी है।