Gudi Padwa 2026 Bank Holiday: इस सप्ताह अगर आप बैंक जाकर अपने वित्त संबंधी काम निपटाना चाहते हैं तो छुट्टियों के बारे में भी जान लीजिए. इस सप्ताह गुड़ी पड़वा और ईद जैसे त्योहार भी पड़ रहे हैं. गुड़ी पड़वा तो कुछ ही राज्यों में मनाया जाता है, लेकिन ईद तो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाएगा. ऐसे में इस दिन बैंकों में अवकाश रहेगा. इस स्टोरी में हम आपको बताएंगे कि इस सप्ताह कितने बैंकों में अवकाश रहेगा और कब-कब खुले रहेंगे, जिससे आप अपने वित्त संबंधी काम निपटा सकें.
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) द्वारा जारी मार्च के कैलेंडर के अनुसार, आगामी 22 मार्च तक गुड़ी पड़वा से लेकर शब-ए-कद्र तक कई दिनों तक बैंक बंद रहेंगे. ऐसे में अगर आप इस हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना चाहते हैं तो RBI के छुट्टियों के कैलेंडर के बारे में भी जान लें. RBI के मार्च के कैलेंडर के मुताबिक, इस सप्ताह गुड़ी पड़वा, ईद-उल-फितर (इसे मीठी ईद भी कहा जाता है) के अलावा शब-ए-कद्र जैसे पर्व मनाए जाएंगे.
डिजिटल बैंकिंग पर नहीं पड़ेगा असर
भले ही इस सप्ताह के दौरान कई दिन बैंकों में अवकाश रहेगा, लेकिन इससे पैसे निकालने में कोई दिक्कत नहीं आएगी. डिजिटल बैंकिंग पर छुट्टियों का कोई असर नहीं होगा. डिजिटल बैंकिंग और UPI सेवाएं सुचारू रूप से काम करेंगीं. यहां पर यह भी ध्यान दें कि मार्च महीना वित्तीय वर्ष के समापन का होता है. ऐसे में मार्च महीने में बैंकों में कामकाज बढ़ जाता है. रविवार और शनिवार के साथ ही आरबीआई ने मार्च महीने के लिए कुल 18 छुट्टियां निर्धारित की हैं.
- मंगलवार (17 मार्च ) को शब-ए-कद्र है, ऐसे में जम्मू और श्रीनगर के बैंकों में अवकाश रहेगा.
- गुरुवार (19 मार्च ) को गुड़ी पड़वा/उगादि/तेलुगु नव वर्ष/नवरात्र मनाया जाएगा. यह पूरे भारत में नहीं बल्कि मुंबई, नागपुर, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, पणजी मनाया जाएगा.ऐसे में 19 मार्च को बैंकों में अवकाश रहेगा.
- शुक्रवार (20 मार्च ) ईद-उल-फितर (रमजान) के चलते कोच्चि, तिरुवनंतपुरम और विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे.
- शनिवार (21 मार्च ) को रमजान-ईद (ईद-उल-फितर)/सरहुल के चलते देश की राधानी दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ समेत देश के अधिकांश हिस्सों में बैंकों में अवकाश रहेगा.
- रविवार (22 मार्च ) को साप्ताहिक अवकाश है, जिसके चलते पूरे भारत में बैंकों में अवकाश रहेगा.