Home > छत्तीसगढ़ > Dhamtari suicide case: धमतरी में शादी की खुशियां मातम में बदली, कन्हारपुरी में रिसेप्शन के अगले ही दिन दूल्हे ने की खुदकुशी

Dhamtari suicide case: धमतरी में शादी की खुशियां मातम में बदली, कन्हारपुरी में रिसेप्शन के अगले ही दिन दूल्हे ने की खुदकुशी

Dhamtari suicide case: धमतरी के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम कन्हारपुरी में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब विवाह के अगले ही दिन दूल्हे सिद्धेश्वर कंवर (28) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

By: Ranjana Sharma | Published: April 18, 2026 6:29:45 PM IST



Dhamtari suicide case: जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कन्हारपुरी से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शादी के महज एक दिन बाद ही दूल्हे ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. जिस घर में नई दुल्हन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया.

रिसेप्शन की रात तक सब कुछ था सामान्य

ग्राम कन्हारपुरी निवासी सिद्धेश्वर कंवर (28 वर्ष) का विवाह 16 अप्रैल को महासमुंद जिले के ग्राम डोकरपाली में धूमधाम से संपन्न हुआ था. विवाह के बाद 17 अप्रैल की रात को आशीर्वाद समारोह (रिसेप्शन) का आयोजन किया गया, जिसमें रिश्तेदारों और मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पूरे घर में खुशी का माहौल था और देर रात तक जश्न चलता रहा.

सुबह नहीं खुला दरवाजा, खिड़की से दिखा भयावह मंजर

समारोह के बाद सिद्धेश्वर अपने कमरे में सोने चला गया. शनिवार सुबह जब वह देर तक बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. आशंका होने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, तो भीतर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए, सिद्धेश्वर पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी पर झूलता मिला.

दुल्हन की मेहंदी फीकी भी नहीं पड़ी थी

इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. नवविवाहिता के हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था कि उसकी जिंदगी की खुशियां उजड़ गईं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दुल्हन सदमे में बेसुध बताई जा रही है.

कारण अब भी रहस्य, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अब तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है. खास बात यह है कि रिसेप्शन की रात तक युवक सामान्य और खुश नजर आ रहा था, जिससे यह घटना और भी रहस्यमयी बन गई है.

disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement