Gaya Ji Pitru Paksha Mela: बिहार के गया जी में विश्व प्रसिद्द पितृ पक्ष मेला 6 सितंबर से शुरू होने वाला है इसके मद्दे नज़र इसकी तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। इस बीच कमिश्नर सफीना एएन और मगध प्रमंडल की आईजी ने विष्णुपद, संवास सदन, देवघाट, गजाधर घाट, गयाजी डैम और नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। आपको बता दें की प्रशासन के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती भीड़ प्रबंधन है। हर साल पितृ पक्ष के 15 दिनों में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री देश ही नहीं बल्कि विदेश से भी गया आते हैं।
दो पालियों में स्थापित किया गया नियंत्रण कक्ष
मिली जानकारी के अनुसार, विष्णुपद संवास सदन में दो पालियों में नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है। जहाँ से तीर्थयात्रियों को मेले से जुड़ी सभी जानकारी मिलेगी। इसके अलावा, यहाँ एक खोया-पाया सेल भी स्थापित किया गया है। इसके साथ ही, दिव्यांग तीर्थयात्रियों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध की जाएगी।
हजारों श्रद्धालु एक साथ बैठकर तर्पण कर सकेंगे
आपको बताते चलें कि यहाँ देवघाट पर एक विशाल स्थायी पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। इसमें हजारों श्रद्धालु एक साथ बैठकर तर्पण कर सकेंगे। प्रशासन द्वारा ठहरने वाले स्थानों की साफ-सफाई, वेदी स्थलों की सफाई, यातायात योजना और वाहन पार्किंग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रिंग बस और ई-रिक्शा की भी व्यवस्था की गई है।
ये सुविधाएँ होंगी उपलब्ध
गया जी में मिलने वाली विशेष सुविधाओं की बात करें तो इस बार पितृ पक्ष मेला 6 सितंबर से शुरू होकर 21 सितंबर तक चलेगा। मेले में सभी वेदी स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त शौचालय, चेंजिंग रूम और रोशनी की व्यवस्था रहेगी। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष तैयारियों में प्रशासन जुटी हुई है।