Nitin Gadkari On Akhand Bharat: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारत को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा है कि अगर भारत हर क्षेत्र में मजबूत होगा, तो दुनिया उसकी बात ज़रूर मानेगी। उन्होंने भारत को महाशक्ति और विश्वगुरु बनाने की वकालत की है। उन्होंने यह बयान नागपुर में राष्ट्र निर्माण समिति (सामाजिक संगठन) द्वारा ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए दिया।
‘हमारा देश ‘अखंड’ हो जाएगा’
नितिन गडकरी ने संबोधन करते हुए कहा कि, “हम इस दिन को इसलिए याद करते हैं क्योंकि 1947 में इसी दिन देश दो भागों – भारत और पाकिस्तान – में विभाजित हुआ था। हम सभी एक मिशन के रूप में स्वीकार करते हैं कि हमारे देश का विभाजन अप्राकृतिक था और एक दिन हमारा देश ‘अखंड’ बनेगा, यही संकल्प हम आज इस कार्यक्रम में लेते हैं।” उन्होंने भारत की विविधता में एकता और देश की सशस्त्र सेनाओं की प्रशंसा की।
तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का संकल्प
केंद्रीय मंत्री ने पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने आगे कहा कि ये सभी संकल्प प्रत्येक भारतीय के प्रयास से पूरे होंगे।
उन्होंने कहा, “अगर हम हर क्षेत्र में मजबूत होंगे, तो दुनिया हमारी बात जरूर सुनेगी। अर्थव्यवस्था, रक्षा, विज्ञान और तकनीक में मजबूत, कृषि और व्यापार में आगे बढ़ने वाला देश और जिसके नागरिक देशभक्त और संस्कारवान हों, वही देश विश्वगुरु बन सकता है।”
इसके अलावा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और युवाओं में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के बारे में जागरूकता पैदा करने के महत्व पर बल दिया।