Raebareli Crime News: जिले के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है. यहाँ एक युवक ने घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. जब परिजनों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठियों से हमला कर पूरे परिवार को लहूलुहान कर दिया. हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है.
आधी रात को घर में घुसा ‘विपिन’
मामला 25 मार्च की रात का है. सराय डिगोसा निवासी विपिन उर्फ नन्हे ने गांव की ही एक महिला के घर को निशाना बनाया. आरोप है कि विपिन घर के पिछले हिस्से से दीवार फांदकर अंदर घुसा और सीधे बहू के कमरे में जा पहुंचा. वहाँ उसने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. महिला के शोर मचाने पर जब परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े, तो मंजर खौफनाक हो गया.
बेटे पर लाठियों से हमला, दी जान से मारने की धमकी
परिजनों को आता देख आरोपी विपिन का भाई सचिन भी वहां पहुंच गया. खुद को घिरता देख आरोपियों ने अपना आपा खो दिया और पीड़िता के बेटे राजेश कुमार पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी ‘देख लेने’ और ‘जान से मारने’ की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
पुलिस टीम ने बिछाया जाल, दबोचा गया आरोपी
गुरुबख्शगंज थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम (उ.नि. सुमित श्योराण और आरक्षी अरविन्द गौड़) ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की. सोमवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी विपिन उर्फ नन्हे को उसके गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे जेल भेज दिया है.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.