Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के सिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केसरपुर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक महिला ने अपने ससुर पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
पीड़िता ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता फरमीदा पत्नी तौकीर रजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मायके में भतीजे की शादी होने वाली है, जिसके चलते उन्हें पैसों की जरूरत थी. पीड़िता के अनुसार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अपने ससुर शब्बीर पुत्र छिद्दू खां से बकरे के पैसे मांगे, जो पहले से उनके पास थे. आरोप है कि पैसे मांगने पर ससुर अचानक गुस्से में आ गए और गाली-गलौज करने लगे.
ससुर ने लात-घूंसों से मारपीट की
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर ससुर ने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी, जिससे उन्हें शरीर पर चोटें आईं. शोर-शराबा सुनकर घर के अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीड़िता के देवर ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान ससुर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी.
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
घटना के चार दिन बाद पीड़िता ने सिरौली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी शब्बीर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.