Home > राजस्थान > Rajasthan News: मकराना को मिली बड़ी सौगात! 12.54 करोड़ से बनेगा आधुनिक न्यायालय भवन

Rajasthan News: मकराना को मिली बड़ी सौगात! 12.54 करोड़ से बनेगा आधुनिक न्यायालय भवन

Rajasthan judiciary infrastructure: कार्यक्रम में विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने अपने विधायक कोष से नए न्यायालय भवन में वकीलों के चैंबर निर्माण के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की.

By: Shubahm Srivastava | Published: April 19, 2026 6:06:31 PM IST



Makrana Court Building News: जिले के मकराना में रविवार को नए न्यायालय भवन के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ . लंबे समय से अधिवक्ताओं और आमजन द्वारा उठाई जा रही मांग आखिरकार पूरी होने से पूरे क्षेत्र में उत्साह और संतोष का माहौल नजर आया. कार्यक्रम में राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं डीडवाना-कुचामन जिले के संरक्षक न्यायाधीश रवि चिरानिया विशिष्ट अतिथि रहे. 

नए न्यायालय भवन की रखी गई आधारशिला 

डीडवाना-कुचामन के जिला एवं सत्र न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा तथा बार संघ मकराना के अध्यक्ष अकबर अली भी मंचासीन रहे. मुख्य न्यायाधीश के मकराना आगमन पर न्यायिक अधिकारियों के साथ जिला कलेक्टर अवधेश मीणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने उनका स्वागत किया. गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पंडित विमल पारीक के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने नए न्यायालय भवन की आधारशिला रखी.

कार्यक्रम में विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने अपने विधायक कोष से नए न्यायालय भवन में वकीलों के चैंबर निर्माण के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की. न्यायिक अधिकारियों और बार संघ मकराना द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया .

12.54 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होगा न्यायालय भवन 

अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा ने बताया कि नया न्यायालय भवन लगभग 12.54 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होगा. उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए, क्योंकि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण धरोहर होगा. साथ ही उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि जहां संभव हो, मामलों को आपसी समझाइश और राजीनामे के जरिए निपटाने का प्रयास करें, ताकि न्याय प्रक्रिया और सरल हो सके.

न्यायाधीश रवि चिरानिया ने कहा कि अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती जैसे शुभ दिन पर मकराना को यह सौगात मिलना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है. इससे अधिवक्ताओं के साथ-साथ परिवादियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी और लंबे समय से चला आ रहा संघर्ष आज सफल हुआ है.

 ऐतिहासिक और गौरवशाली कदम – न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा

जिला एवं सत्र न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा ने इसे जिले की न्यायिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक और गौरवशाली कदम बताया. वहीं एडीजे आशा चौधरी ने कहा कि पुराने न्यायालय भवन में बरसात के दौरान कई बार चार फीट तक पानी भर जाता था, जिससे अधिवक्ताओं और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. नया भवन इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान लेकर आएगा.

नया भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 

बार संघ मकराना के अध्यक्ष अकबर अली ने कहा कि पुराने भवन से जुड़ी कई समस्याओं के कारण लंबे समय से कार्य प्रभावित हो रहा था. उन्होंने विश्वास जताया कि नया भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा और बार एवं बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा.

कार्यक्रम में एसीजेएम रुपेंद्र चौहान, एसडीएम अंशुल सिंह, पूर्व सभापति शौकत अली गौड़, उपसभापति अब्दुल सलाम भाटी, सुमिता भींचर, अंजुमन संस्था के अध्यक्ष मौलाना गुलाम सैयद अली, अंजुमन सचिव मोहम्मद रफीक गौड़, पूर्व सेक्रेटरी हारून रशीद चौधरी, एडवोकेट नुरहसन खत्री, एडवोकेट आरिफ अहमद भाटी, पैनल अधिवक्ता तलत हुसैन हनीफी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे. समारोह के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement