42
Mahavatar parshuram teaser: भारतीय सिनेमा में एक बार फिर बड़ा धमाका होने जा रहा है. ‘KGF’ और ‘कांतारा’ जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाली होम्बले फिल्म्स ने परशुराम जयंती के मौके पर अपनी महत्वाकांक्षी एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार परशुराम’ का पहला पोस्टर और टीजर रिलीज कर दिया है. इस ऐलान के साथ ही ‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ को लेकर फैंस का उत्साह और भी बढ़ गया है.
परशुराम जयंती पर पोस्टर-टीजर ने मचाया तहलका
रविवार को परशुराम जयंती के खास मौके पर होम्बले फिल्म्स ने ‘महावतार परशुराम’ का पहला पोस्टर और टीजर जारी किया. रिलीज होते ही यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया. इस फिल्म को ‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ का अहम हिस्सा बताया जा रहा है, जो भारतीय पौराणिक कथाओं को नए और भव्य रूप में पेश करेगा.
परशुराम का रौद्र रूप
अश्विन कुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के पोस्टर में एक तेजस्वी और रौद्र योद्धा को युद्धभूमि के बीच खड़ा दिखाया गया है. उनके हाथ में खून से लथपथ कुल्हाड़ी (परशु) नजर आ रही है, जो न्याय और अधर्म के विनाश का प्रतीक है. पोस्टर के साथ दिया गया कैप्शन—“जब धर्म का पतन होता है, तो परशु का उदय होता है”-फिल्म की थीम को और भी प्रभावशाली बनाता है.
‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ में बनेंगी 7 बड़ी फिल्में
होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शंस ने मिलकर एक बड़ा प्लान तैयार किया है, जिसके तहत भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित कुल सात फिल्में बनाई जाएंगी. इन फिल्मों को अगले 12 वर्षों में 3D फॉर्मेट में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. इस यूनिवर्स की शुरुआत 2025 में ‘महावतार नरसिंह’ से हुई थी, जिसने एनीमेशन फिल्मों को लेकर दर्शकों की सोच बदल दी.
रिलीज डेट भी तय
इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म ‘महावतार नरसिंह’ ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया था. यह दुनिया की पहली भारतीय एनिमेटेड फिल्म बनी जिसने इतनी बड़ी कमाई की. सिनेमाघरों के बाद नेटफ्लिक्स पर भी यह लंबे समय तक ट्रेंड करती रही.
‘महावतार परशुराम’ दिसंबर 2027 में रिलीज होगी. इसके बाद 2029 में ‘महावतार रघुनंदन’, 2031 में ‘महावतार धौकाधेश’, 2033 में ‘महावतार गोकुलानंद’ और 2035 व 2037 में ‘महावतार कल्कि’ के दो भाग रिलीज किए जाएंगे.