Home > देश > Sonia Gandhi health: देर रात बिगड़ी सोनिया गांधी की तबीयत, गंगाराम अस्पताल में भर्ती, जानें हेल्थ अपडेट

Sonia Gandhi health: देर रात बिगड़ी सोनिया गांधी की तबीयत, गंगाराम अस्पताल में भर्ती, जानें हेल्थ अपडेट

Sonia Gandhi health: सोनिया गांधी को फेफड़ों से जुड़ी समस्या के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

By: Ranjana Sharma | Last Updated: March 25, 2026 6:53:15 AM IST



Sonia Gandhi health: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को तबीयत खराब होने के बाद मंगलवार देर शाम दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में कराया गया. डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

फेफड़ों से जुड़ी परेशानी के बाद भर्ती

राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत मंगलवार को अचानक बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें तुरंत सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उन्हें फेफड़ों से संबंधित दिक्कत के चलते भर्ती किया गया है. डॉ.अरूप बसु की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत फिलहाल नियंत्रण में है, हालांकि अस्पताल की ओर से अभी तक आधिकारिक हेल्थ अपडेट जारी नहीं किया गया है.

प्रियंका और राहुल गांधी मां से मिलने पहुंचे अस्पताल 

सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही उनके बेटे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी अस्पताल पहुंचे. दोनों नेताओं ने डॉक्टरों से उनकी सेहत की जानकारी ली.सूत्रों के मुताबिक, कुछ समय बाद राहुल गांधी अस्पताल से लौट गए, जबकि परिवार के अन्य सदस्य लगातार संपर्क में हैं.

जनवरी में भी बिगड़ी थी तबीयत

इससे पहले जनवरी 2026 में भी सोनिया गांधी की तबीयत खराब हुई थी. 5 जनवरी को सांस लेने में दिक्कत के बाद उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां करीब छह दिनों तक उनका इलाज चला. डॉक्टरों ने उस समय बताया था कि दिल्ली की ठंड और वायु प्रदूषण के कारण उनका ब्रोंकियल अस्थमा बढ़ गया था, जिसकी वजह से सांस लेने में परेशानी हुई थी. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी उनका इलाज घर पर जारी रहा था.

पहले भी हो चुकी हैं भर्ती

79 वर्षीय सोनिया गांधी को खांसी और सांस से जुड़ी समस्याएं पहले से रही हैं. जून 2025 में हिमाचल प्रदेश के दौरे के दौरान भी उनकी तबीयत खराब हुई थी. उस समय पहले शिमला में इलाज हुआ और बाद में उन्हें दिल्ली लाकर सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

Advertisement