Home > धर्म > Eid Special Dish: आपकी ईद की मिठास को चार चांद लगा देगी ये क्रीमी डिश, उंगली चाटेंगे लोग, जानें रेसिपी

Eid Special Dish: आपकी ईद की मिठास को चार चांद लगा देगी ये क्रीमी डिश, उंगली चाटेंगे लोग, जानें रेसिपी

Eid Special Dish: ईद का त्योहार आने वाला है. ऐसे में लोग तरह-तरह के पकवान बनाते है. अगर आप भी कुछ खास बनाने की सोच रही हैं तो हम आपके लिए एक बेहद ही शानदार रेसिपी लेकर आए हैं. आइए जानते हैं कि वे क्या है-

By: sanskritij jaipuria | Published: March 19, 2026 4:57:55 PM IST



Eid Special Dish: ईद का त्योहार सिर्फ नमाज और मिलन-जुलन तक सीमित नहीं है. इसकी असली मिठास तो रसोई की खुशबू में भी महसूस होती है. जब घर में दूध, केसर और इलायची की महक फैलती है, तो समझ जाइए कि कुछ खास पक रहा है. ऐसे ही खास व्यंजनों में से एक है फिरनी, ये एक पारंपरिक डेजर्ट है जो अपनी सादगी में भी बेहद शाही लगता है.

कई घरों में ईद की तैयारी एक-दो दिन पहले ही शुरू हो जाती है. थोड़ी सी बेसिक सामग्री और थोड़ा धैर्य, बस इतनी मेहनत में आप भी घर पर इस स्वादिष्ट मिठाई को तैयार कर सकते हैं.

 फिरनी: इतिहास और महत्व

फिरनी मुगल काल में भारतीय रसोई का हिस्सा रही है. खास बात ये है कि इसे बासमती चावल को पीसकर बनाया जाता है, जिससे इसका टेक्सचर साधारण खीर से अलग और अधिक मुलायम हो जाता है.

सिर्फ दूध, चावल, चीनी और इलायची से बनने वाली यह मिठाई, जब केसर और मेवों के साथ तैयार होती है, तो इसका स्वाद और भी गहरा और रॉयल हो जाता है.

 फिरनी की सामग्री

फिरनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री इस प्रकार है:

 1 लीटर फुल-फैट दूध
 3 बड़े चम्मच भिगोए हुए बासमती चावल
 4 बड़े चम्मच चीनी
 इलायची पाउडर
 कुछ केसर के धागे
 कटे हुए मेवे: पिस्ता और बादाम
 गुलाब जल की कुछ बूंदें

मिश्रण में ये सभी चीजें मिलकर फिरनी को उसका पारंपरिक स्वाद और त्योहार वाली खुशबू देती हैं.

 फिरनी बनाने के 6 आसान स्टेप

चावल की तैयारी- सबसे पहले बासमती चावल को लगभग 30 मिनट तक पानी में भिगो दें. फिर पानी निकालकर थोड़े पानी के साथ दरदरा पीस लें. ये पेस्ट फिरनी को उसका पारंपरिक गाढ़ापन देता है.

दूध उबालना

भारी तले वाले बर्तन में फुल-फैट दूध उबालें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध तले में चिपके नहीं. ये फिरनी का बेस तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण कदम है.

चावल का पेस्ट मिलाना

जब दूध अच्छी तरह उबल जाए, तब धीरे-धीरे इसमें पिसा हुआ चावल डालें. धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए लगभग 8-10 मिनट तक पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ा और क्रीमी न हो जाए.

स्वाद और खुशबू जोड़ना

अब इसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर के धागे डालें. कुछ मिनट पकाने से चीनी घुल जाती है और केसर की खुशबू पूरे मिश्रण में फैल जाती है.

मेवे और गुलाब जल मिलाना

कटे हुए पिस्ता और बादाम डालें. लास्ट में उसमें एक बड़ा चम्मच गुलाब जल मिलाकर हल्के हाथ से चलाएं. इससे फिरनी में त्योहार वाली खुशबू आती है.

ठंडा करके परोसें

जब फिरनी तैयार हो जाए तो उसे एक छोटे कटोरों में निकाल लें और 1-2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडी होने के बाद ऊपर से मेवे और केसर डालकर सजाएं.

ईद के दिन जब यह ठंडी और मलाईदार फिरनी मेहमानों के सामने परोसी जाती है, तो अक्सर लोग दूसरी बार भी मांग लेते हैं. यही इसकी असली खासियत और जादू है.

 

Advertisement