Himanta Biswa Sarma Love Story: असम विधानसभा चुनाव 2026 का मैदान सज चुका है. एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के साथ अन्य विपक्षी दलों के बीच मुकाबला नजर आ रहा है. भाजपा को लगातार 2 चुनाव जिताने वाले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा असम में मुख्य चेहरा हैं. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा देश के उन दिग्गज नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने कड़ी मेहनत से ना केवल लोगों का दिल जीता, बल्कि राज्य की राजनीति के वह चाणक्य भी साबित हुए. यहां पर हम बात कर रहे हैं हिमंत बिस्वा शर्मा की लव स्टोरी के बारे में.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की लव स्टोरी बेहद दिलचस्प है. बहुत कम लोग जानते होंगे कि वह 22 साल के रहे होंगे कि उन्हें पता चल गया था कि वे एक न एक दिन असम के मुख्यमंत्री जरूर बनेंगे. हैरत की बात यह है कि यह सच हुआ और करीब 3 दशक बाद असम के 15वें मुख्यमंत्री बने हैं.
कॉलेज में गर्लफ्रेंड से बोल दिया था- बनूंगा सीएम
एक बार मीडिया से बातचीत में हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयन यह बात शेयर की थी. रिनिकी के मुताबिक, हिमंत उस दौरान कॉटन कॉलेज में पढ़ाई करते थे. इसी दौरान बात-बात में उन्होंने रिनिकी से कहा था कि वह एक दिन मुख्यमंत्री बनेंगे. दरअसल, हिमंता छात्र जीवन से राजनीति में अच्छी खासी रुचि रखते थे. कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें क्या करना है? उन्होंने बातों-बातों में बताया था कि वह एक दिन सीएम बनेंगे. यह कहना तब सच हुआ जब 10 मई 2021 को हिमंता ने असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
कब हुई थी रिनिकी से पहली मुलाकात
हिमंता बिस्वा सरमा से पहली मुलाकात के बारे में रिनिकी ने एक इंटरव्यू में खुद जानकारी दी थी. रिनिकी की जब पहली मुलाकात हिमंता से हुई थी तो वह मात्र 17 साल की थीं. वह कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और हिमंता की उम्र उस समय 22 साल की थी. शादी की बात चली तो रिनिकी ने हिमंता से पूछा कि जब मां तुम्हारे करियर और भविष्य के बारे में पूछेगी तो क्या बताऊंगी? इस पर हिमंता ने छूटते ही कहा था कि वह तो एक दिन असम के मुख्यमंत्री बनेंगे. उन्होंने गर्लफ्रेंड रिनिका से कहा था कि अपनी मां से कह दो मैं एक दिन असम का मुख्यमंत्री बनूंगा.
यकीन करना था मुश्किल
रिनिकी की मानें तो हिमंता की बात पर विश्वास करना मुश्किल था, जबकि उन्होंने यह बात पूरे आत्मविश्वास के साथ बोली थी. रिनिकी दरअसल हिमंता के जज्बे की कायल हो गईं. साथ ही यह भी कि हिमंता के पास क्लीयर विजन था. रिनिकी ने बताया कि शादी के दौरान सिर्फ दो विधायक थे. इसके बाद कारवां बनता रहा और वह असम के मुख्यमंत्री हैं.
