Simrandeep Kaur: पंजाब के पटियाला की प्रतिभाशाली छात्रा सिमरनदीप कौर आज अपना और परिवार का नाम रोशन कर दिया है. सिमरनदीप ने सिविल सेवा परीक्षा में पूरे देश में 15वां स्थान हासिल किया है. उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं खालसा कॉलेज का सिर भी गर्व से ऊंचा हो गया है.
खालसा कॉलेज से की पढ़ाई
सिमरनदीप कौर ने उच्च शिक्षा पटियाला के खालसा कॉलेज से हासिल की है. उन्होंने यहां से राजनीति विज्ञान (पॉलिटिकल साइंस)में स्नातक और उसके बाद स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और उसकी तरफ आगे बढ़ने लगीं.
कॉलेज के प्रिंसिपल ने दी बधाई
खालसा कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. धर्मिंदर सिंह उभा ने सिमरनदीप को इस सफलता के लिए बधाई दी है. उन्होंने कहा कि कॉलेज के लिए काफी गर्व की बात है कि यहां कि छात्रा ने सिविल सेवा परीक्षा में इतना शानदार स्थान हासिल किया है. उन्होंने कहा कि सिमरनदीप की यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि किसी के पास द्दढ़ संकल्प और मेहनत हो तो वह कोई भी लक्ष्य हासिल कर सकता है. डॉ. उभा ने कहा कि सिमरनदीप कौर की सफलता कॉलेज के बाकी विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और भी छात्र-छात्राएं इसी तरह की उपलब्धियां हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन करेंगे.
सिमरनदीप ने क्या बोला?
अपनी सफलता पर बात करते हुए सिमरनदीप ने ग्रामीण विकास के लिए काम करने की इच्छा जाहिर की. उन्होंने कहा कि- मैं एक गांव की लड़की हूं, मैं ग्रामीण समुदायों के सामने आने वाली चुनौतियों को बहुत अच्छे से समझती हूं और गांवों के विकास के लिए काम करना चाहती हूं , ताकी वहां रहने वाले लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में योगदान दे सकूं.
न फिल्म, न कोई ग्लैमर वर्ल्ड, फिर भी ‘Sara Tendulkar’ की खूबसूरती के आगे फीकी पड़ीं बॉलीवुड एक्ट्रेस!
पिता का सिर गर्व से ऊंचा
सिमरनदीप के पिता का नाम कुलदीप सिंह हैं. वह एक किसान हैं, उन्होंने अपनी बेटी की उपलब्धि पर अपार गर्व महसूस किया. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि- किसान की बेटी का इस मुकाम तक पहुंचना हमारे लिए और पूरे गांव के लिए बहुत गर्व की बात है. अगर कोई व्यक्ति इस तरह मेहनत करें और संकल्प लें, तो कुछ भी असंभव नहीं है.