Home > मनोरंजन > Salim Khan health update: जावेद अख्तर ने दी सलीम खान की हेल्थ अपडेट, बताई मौजूदा हालत

Salim Khan health update: जावेद अख्तर ने दी सलीम खान की हेल्थ अपडेट, बताई मौजूदा हालत

Salim Khan health update: मामूली ब्रेन हैम्ब्रेज के बाद अस्पताल में भर्ती सलीम खान की सेहत में सुधार हो रहा है. जावेद अख्तर, आमिर खान और डेजी शाह ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है और वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं

By: Ranjana Sharma | Published: March 6, 2026 10:02:24 PM IST



Salim Khan health update: दिग्गज पटकथा लेखक और सलीम खान की तबीयत को लेकर सामने आई नई जानकारी ने उनके प्रशंसकों को राहत दी है. कुछ समय पहले मामूली ब्रेन हैम्ब्रेज के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अब उनके करीबी दोस्त और मशहूर गीतकार-लेखक जावेद अख्तर ने उनकी सेहत में सुधार होने की बात कही है.

जावेद अख्तर ने बताया कैसी है सेहत

हाल ही में दिल्ली में एक किताब के विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे जावेद अख्तर ने सलीम खान की सेहत को लेकर अपडेट दिया. उन्होंने कहा कि सलीम खान अब पहले से बेहतर हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं. जावेद अख्तर के मुताबिक, वह अब कुर्सी पर बैठकर बातचीत भी कर पा रहे हैं, जो उनकी सेहत में सुधार का संकेत है. जावेद अख्तर ने बताया कि इलाज जारी है, लेकिन डॉक्टरों की देखरेख में उनकी हालत पहले से काफी स्थिर हो गई है. इस खबर के सामने आने के बाद सलीम खान के चाहने वालों के बीच राहत की भावना देखने को मिल रही है.

आमिर खान ने भी जताई थी चिंता

इससे पहले अभिनेता आमिर खान ने भी सलीम खान की सेहत को लेकर जानकारी साझा की थी. उन्होंने बताया था कि वह उनसे मिलने अस्पताल गए थे, लेकिन उस समय सलीम खान आईसीयू में थे, इसलिए उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात नहीं हो सकी. आमिर खान ने कहा था कि वह परिवार के सदस्यों के साथ बैठे और उनकी बेटी अलवीरा से बात हुई. अलवीरा ने बताया था कि सलीम खान की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. आमिर खान ने यह भी कहा कि पूरा परिवार और उनके चाहने वाले उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं.

डेजी शाह ने कहा- हालत स्थिर

अभिनेत्री डेज़ी शाह ने भी हाल ही में सलीम खान की तबीयत पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने बताया कि अब उनकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं. डेजी शाह के मुताबिक, डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है.

फरवरी में कराया गया था अस्पताल में भर्ती

जानकारी के मुताबिक, सलीम खान को फरवरी में मामूली ब्रेन हैम्ब्रेज के बाद मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. शुरुआत में उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया था. डॉक्टरों ने एहतियातन कुछ समय के लिए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा था. हालांकि अब उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. परिवार और प्रशंसकों को उम्मीद है कि वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटेंगे.

Advertisement