Home > विदेश > CBSE का बड़ा फैसला: मध्य-पूर्व में 10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षाएं फिर टलीं, जानिए अब कब होगें एग्जाम?

CBSE का बड़ा फैसला: मध्य-पूर्व में 10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षाएं फिर टलीं, जानिए अब कब होगें एग्जाम?

CBSE board exams 2026: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने मध्य-पूर्व के 7 देशों में 5–6 मार्च 2026 की कक्षा 10 व 12 परीक्षाएं सुरक्षा हालात के कारण स्थगित कर दी गईं.

By: sanskritij jaipuria | Published: March 3, 2026 1:46:57 PM IST



CBSE board exams 2026: सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने मध्य-पूर्व के चुनिंदा देशों में आयोजित होने वाली क्लास 10 और क्लास 12 की बोर्ड परीक्षाओं को 5 और 6 मार्च 2026 के लिए स्थगित कर दिया है. ये फैसला क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों की गंभीर समीक्षा के बाद लिया गया है. बोर्ड ने साफ किया है कि छात्रों की सुरक्षा और सुचारु परीक्षा संचालन को ध्यान में रखते हुए ये कदम उठाया गया है.

सीबीएसई ने बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित अपने संबद्ध विद्यालयों के प्राचार्यों को आधिकारिक सूचना भेजी है. इसमें कहा गया है कि 5 और 6 मार्च को होने वाली परीक्षाएं अब निर्धारित तिथियों पर आयोजित नहीं होंगी. नई परीक्षा तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी. बोर्ड ने ये भी बताया कि 5 मार्च को क्षेत्र की स्थिति की दोबारा समीक्षा की जाएगी और 7 मार्च से निर्धारित परीक्षाओं के संबंध में उपयुक्त फैसला लिया जाएगा.

 पहले भी टली थीं परीक्षाएं

गौरतलब है कि इससे पहले 1 मार्च को सीबीएसई ने 2 और 3 मार्च 2026 को प्रस्तावित परीक्षाओं को भी स्थगित किया था. उस समय बोर्ड ने कहा था कि वो 3 मार्च को हालात देखेंगे और आगे की परीक्षाओं पर निर्णय लेगा. इसी समीक्षा के बाद अब 5 और 6 मार्च की परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं.

 छात्रों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश

सीबीएसई ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में बने रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. बोर्ड ने ये भी साफ किया कि ये निर्णय केवल मध्य-पूर्व क्षेत्र के लिए लागू है.

इससे पहले सोशल मीडिया पर एक फर्जी सर्कुलर वायरल हुआ था, जिसमें ‘असाधारण वैश्विक परिस्थितियों’r के कारण परीक्षाओं को पूरी तरह रद्द करने का दावा किया गया था. बोर्ड ने इसे पूरी तरह मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया और छात्रों व अभिभावकों से अपील की कि वे केवल सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट और स्कूलों के माध्यम से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें.

 आगे क्या?

ताजा अपडेट के अनुसार, 7 मार्च को परिस्थितियों को देखने के बाद सीबीएसई एक नई अधिसूचना जारी कर सकता है. ऐसे में छात्र और अभिभावक अगली आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं, ताकि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी सुनिश्चित कर सकें.

Advertisement