Home > विदेश > CBSE Board Exams 2026: मिडिल ईस्ट के 7 देशों में सीबीएसई कक्षा 10 की परीक्षाएं रद्द, 12वीं की स्थगित

CBSE Board Exams 2026: मिडिल ईस्ट के 7 देशों में सीबीएसई कक्षा 10 की परीक्षाएं रद्द, 12वीं की स्थगित

CBSE Board Exams 2026: मध्य पूर्व के देशों में जारी तनावपूर्ण हालात को देखते हुए सीबीएसई ने बड़ा कदम उठाते हुए कक्षा 10 की कई परीक्षाएं रद्द और कक्षा 12 की एक परीक्षा स्थगित कर दी है.

By: Ranjana Sharma | Last Updated: March 5, 2026 10:14:38 PM IST



CBSE Board Exams 2026: मध्य पूर्व के कई देशों में तनावपूर्ण हालात का असर अब छात्रों की पढ़ाई और परीक्षाओं पर भी पड़ने लगा है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए इन देशों में परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है.

कक्षा 10 की कई परीक्षाएं रद्द

बोर्ड के अनुसार कक्षा 10 की 7 मार्च से 11 मार्च 2026 के बीच होने वाली सभी परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है. इसके अलावा 2 मार्च, 5 मार्च और 6 मार्च को होने वाली वे परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं, जिन्हें पहले स्थगित किया गया था. सीबीएसई ने कहा है कि इन देशों में कक्षा 10 के छात्रों के परिणाम किस आधार पर घोषित किए जाएंगे, इसकी जानकारी बाद में अलग से दी जाएगी. इसके लिए बोर्ड जल्द ही नई अधिसूचना जारी करेगा.

कक्षा 12 की परीक्षा फिलहाल टली

कक्षा 12 के छात्रों के लिए भी बोर्ड ने अहम फैसला लिया है. 7 मार्च 2026 को होने वाली कक्षा 12 की परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. बोर्ड के मुताबिक इस परीक्षा की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूलों के संपर्क में बने रहें और बोर्ड की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें.

7 मार्च को होगी स्थिति की समीक्षा

सीबीएसई ने बताया कि 7 मार्च को हालात की दोबारा समीक्षा की जाएगी. इसके बाद 9 मार्च 2026 से आगे होने वाली परीक्षाओं को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे. बोर्ड का कहना है कि यह फैसला छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि मध्य पूर्व के कई देशों में फिलहाल स्थिति सामान्य नहीं है.

इन देशों की परीक्षाएं हुईं प्रभावित

सीबीएसई ने 5 मार्च 2026 को जारी सर्कुलर में बताया कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में परीक्षा कार्यक्रम को फिलहाल बदला गया है.

Advertisement