Ghaziabad Triple Suicide: बुधवार सुबह गाजियाबाद में नौवीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से कूदने से तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई. आरोप है कि उनके माता-पिता को उनकी ऑनलाइन गेमिंग की लत पर आपत्ति थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें COVID-19 महामारी के दौरान ऑनलाइन गेम्स की लत लग गई थी और वे एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड ‘कोरियन गेम’ खेलती थीं. पुलिस के अनुसार, लड़कियां रेगुलर स्कूल नहीं जा रही थीं. लड़कियों ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगी है और उनसे एक डायरी पढ़ने के लिए कहा है जिसमें उनकी मौत की वजह बताई गई है.
जान देने से पहले छोड़ा नोट
गाजियाबाद में सनसनीखेज ट्रिपल सुसाइड के बाद एक नोट सामने आया है. तीन नाबालिग बहनों ने कथित तौर पर अपने माता-पिता द्वारा ऑनलाइन गेमिंग की लत पर आपत्ति जताने के बाद अपनी अपार्टमेंट बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी. सुसाइड से पहले, उन्होंने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए एक नोट छोड़ा था.
सुसाइड नोट पर उनके पिता ने क्या कहा ?
उनके पिता, चेतन कुमार ने कहा कि उन्हें इस गेम के बारे में पता नहीं था, नहीं तो वो उन्हें यह गेम खेलने नहीं देते. “जो कुछ हुआ वो बहुत बुरा है. मुझे उम्मीद है कि ऐसा किसी और बच्चे के साथ कभी नहीं होगा. मैं माता-पिता से गुजारिश करता हूं कि वे अपने बच्चों को वीडियो गेम न खेलने दें. मुझे इस गेम के बारे में पता नहीं था. नहीं तो, मैं उन्हें यह खेलने नहीं देता,”
क्या बोले पुलिस अफसर ?
SSP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने कहा कि रात करीब 2:15 बजे सूचना प्राप्त हुई कि भारत सिटी में टावर बी1 के नौवीं मंजिल की बालकनी से 3 बच्चियां कूद गई हैं 3 बच्चियों की उम्र 16, 14 और 12 वर्ष थी. लोनी के अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस द्वारा अन्य कार्रवाई की जा रही है.
चश्मदीद गवाह ने खोला बड़ा राज़
वहीं अब एक चश्मदीद गवाह ने इस बात का खुलासा किया कि तीनों बहने कैसे 9वी मंजिल से कूद गईं. मीडिया से बातचीत करते हुए शख्स ने बताया कि एक लड़की उलटी होकर खिड़की पर बैठी थी. और वो लड़की पीछे की ओर गिरने की बार-बार कोशिश कर रही थी. और एक अगला बंदा उसे खींच रहा था. फिर शख्स कहता है कि थोड़ी देर बाद वो उतर गई और फिर कुछ सेकेंड बाद वो दुबारा बैठी और एक और बहन आकर उससे लिपट गई. जिसके बाद वो पीछे से गिरने की कोशिश करने लगी और तीसरी बहन ने जब उसे खींचने की कोशिश की तो तीनों बहने ही नीचे गिर गईं.