IPS wedding: बरेली की एसपी साउथ अंशिका वर्मा और संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई 29 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. दोनों अधिकारियों की पहली तैनाती गोरखपुर में साथ रही थी, वहीं उनकी दोस्ती प्यार में बदली.
बरेली और संभल के आईपीएस अफसरों की शादी
यूपी पुलिस महकमे में खुशियों का माहौल है. बरेली की एसपी साउथ अंशिका वर्मा और संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. दोनों आईपीएस अधिकारियों का विवाह 29 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में होगा. बिश्नोई का गृह जिला होने के कारण मुख्य विवाह समारोह वहीं आयोजित किया जाएगा.
ऐसे शुरू लव स्टोरी
जानकारी के अनुसार अंशिका वर्मा और कृष्ण कुमार बिश्नोई की पहली तैनाती गोरखपुर में साथ रही थी. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत और परिचय का सिलसिला शुरू हुआ. समय के साथ यह रिश्ता मजबूत हुआ और दोनों ने अपने परिवारों को इसके बारे में बताया. परिवारों की सहमति मिलने के बाद शादी की तारीख तय कर दी गई. दोनों अधिकारियों की शादी की खबर के बाद पुलिस विभाग और उनके जानने वालों में खुशी का माहौल है. सोशल मीडिया पर भी लोग इस जोड़ी को बधाई दे रहे हैं और उनके खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना कर रहे हैं.
यहा होगा विवाह समारोह
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने भी अपनी शादी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि अभी तक कोई औपचारिक रस्म नहीं हुई है. मार्च के अंत में संभल में कुछ पारिवारिक कार्यक्रम और रस्में आयोजित होंगी. इसके बाद मुख्य विवाह समारोह राजस्थान के बाड़मेर में होगा, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी लोग शामिल होंगे.
अंशिका वर्मा की उपलब्धियां
अंशिका वर्मा मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं और वर्ष 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 136वीं रैंक हासिल की थी. नोएडा के गलगोटिया कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल कर आईपीएस बनीं. उनकी कार्यशैली और संवेदनशीलता उन्हें पुलिस महकमे में अलग पहचान देती है.
कृष्ण कुमार बिश्नोई का करियर
कृष्ण कुमार बिश्नोई वर्ष 2018 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 174वीं रैंक हासिल की थी. उनकी सख्त कार्यशैली और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई उन्हें अक्सर चर्चा में रखती है. पुलिस महकमे में उनकी अलग और प्रभावशाली पहचान है.
पुलिस महकमे के लिए खास
यह शादी पुलिस महकमे के लिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि दो युवा और मेहनती आईपीएस अधिकारी अब जीवन के नए सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं. विभागीय साथियों का कहना है कि यह शादी दो वफादार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों के बीच न केवल व्यक्तिगत, बल्कि पेशेवर जुड़ाव को भी मजबूत करेगी.