Whatsapp Update: मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने प्लेटफॉर्म पर एक अहम बदलाव करते हुए अब ग्लोबल लेवल पर स्टेटस विज्ञापन और प्रमोटेड चैनल्स की शुरुआत कर दी है. कंपनी का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य यूजर्स को नए ब्रांड, बिजनेस और कंटेंट क्रिएटर्स तक आसानी से पहुंच उपलब्ध कराना है. साथ ही ये कंपनियों और संगठनों को अपनी डिजिटल मौजूदगी मजबूत करने का नया अवसर देगा.
पहले स्पॉन्सर्ड कंटेंट सीमित दायरे में दिखाई जाती थी, लेकिन अब इसे दुनियाभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है. कंपनी ने इस अपडेट की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए शेयर की है.
अपडेट्स टैब में दिखेंगे विज्ञापन
नए स्टेटस विज्ञापन और प्रमोटेड चैनल्स ऐप के अपडेट्स सेक्शन में दिखाई देंगे. इसी सेक्शन में पहले से स्टेटस और चैनल्स मौजूद रहते हैं. विज्ञापन नार्मल स्टेटस पोस्ट के बीच साफ लेबल के साथ दिखाए जाएंगे, ताकि यूजर्स को साफ पता चल सके कि ये प्रमोशनल कंटेंट है.
इन विज्ञापनों को अन्य स्टेटस की तरह ही आसानी से स्वाइप कर स्किप किया जा सकेगा. कंपनी के अनुसार, इस फीचर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि जो यूजर्स नए अपडेट्स देख रहे हैं, वे उसी दौरान ब्रांड्स और ऑर्गेनाइजेशन को भी खोज सकें.
पर्सनल चैट और कॉल रहेंगे सेफ
कंपनी ने साफ किया है कि ये बदलाव केवल अपडेट्स टैब तक सीमित रहेगा. पर्सनल चैट, कॉल और व्यक्तिगत स्टेटस पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सेफ रहेंगे. यानी यूजर्स की निजी बातचीत या कॉलिंग अनुभव पर इन विज्ञापनों का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.
यूजर्स के हाथ में रहेगा कंट्रोल
यदि किसी यूजर को कोई विशेष विज्ञापन या बिजनेस बार-बार दिखाई देता है और वो उसे नहीं देखना चाहता, तो वो संबंधित अकाउंट को ब्लॉक या हाइड कर सकता है. इस तरह अपडेट्स सेक्शन में दिखने वाली सामग्री पर यूजर्स का कंट्रोल बना रहेगा. कुछ यूरोपीय देशों और चुनिंदा बाजारों में कंपनी विज्ञापन-मुक्त सब्सक्रिप्शन प्लान भी पेश कर सकती है. इस ऑप्शन के तहत अपडेट्स टैब से विज्ञापन हटा दिए जाएंगे. हालांकि इसकी कीमत और उपलब्धता क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती है.
ग्रुप चैट में नया इतिहास शेयरिंग फीचर
विज्ञापनों की शुरुआत के साथ-साथ WhatsApp अपने फीचर्स का दायरा भी बढ़ा रहा है. हाल ही में ग्रुप चैट के लिए एक नया फीचर जोड़ा गया है, जिसके जरिए नए सदस्य जुड़ने के बाद पुरानी बातचीत का सार समझ सकते हैं.
अब ग्रुप एडमिन या सदस्य 25 से लेकर 100 तक पुराने मैसेज स्ट्रक्चर मेथड से नए सदस्य के साथ शेयर कर सकते हैं. पहले नए यूजर्स केवल वही मैसेज देख पाते थे जो उनके ग्रुप में शामिल होने के बाद भेजे गए हों. कंपनी के अनुसार, जब भी पुराना चैट इतिहास शेयर किया जाएगा, तो सभी ग्रुप सदस्यों को इसकी सूचना मिलेगी. साथ ही मैसेज भेजने का समय और प्रेषक की जानकारी भी साफ रूप से दिखाई देगी.

