Gwalior rape accused: भीतरवार के मुख्य बाजार करैरा तिराहे के पास एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक दुष्कर्म पीड़िता ने आरोपी युवक की सरेआम चप्पलों से पिटाई कर दी. गुरुवार दोपहर हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. बाजार में मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में तेजी से वायरल हो गया.
आरोपी पर राजीनामे का दबाव बनाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी धर्मवीर बंजारा उस पर लगातार केस में समझौता (राजीनामा) करने का दबाव बना रहा था. महिला ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद आरोपी जेल गया था. हाल ही में जमानत पर बाहर आने के बाद वह लगातार फोन पर धमकी देकर समझौता करने के लिए मजबूर कर रहा था.
साहस दिखाकर आरोपी को थाने पहुंचाया
घटना के दिन जब महिला बाजार पहुंची, तो आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां आ गया. उसे देखते ही महिला ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सरेआम पिटाई कर दी. लोगों के रोकने के बावजूद वह आरोपी को घसीटते हुए थाने तक ले गई और पुलिस को सौंप दिया. इस दौरान महिला जोर-जोर से अपनी आपबीती भी बताती रही, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए.
पुलिस जांच में जुटी
मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर ली है. जितेंद्र नगाइच के अनुसार, आरोपी द्वारा राजीनामे के लिए दबाव बनाने की शिकायत मिली है और इसकी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जबकि इस घटना ने इलाके में सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
वोट नहीं देने वालों के खिलाफ होगा सख्त एक्शन! जानें सुनवाई के दौरान क्या बोले CJI?

