Madhya Pradesh: रीवा जिले के जवा तहसील अंतर्गत पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम वीरपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक भांजे ने अपने ही सगे मामा की लाठी-डंडों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. घटना का मुख्य कारण मामा द्वारा भांजे की शादी तय करना बताया जा रहा है, जिससे आरोपी काफी नाराज था.
लाठी से किया हमला
जानकारी के मुताबिक, वीरपुर निवासी अरुण कोल की शादी उसके मामा राम सुजान कोल ने कहीं तय कराई थी. आरोपी अरुण इस बात को लेकर अपने माता-पिता से आए दिन विवाद करता था. घटना वाले दिन जब अरुण घर में झगड़ा कर रहा था, तब मामा राम सुजान कोल उसे समझाइश देने पहुंचे थे. मामा को देखते ही आरोपी आपा खो बैठा और उसने लाठी से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में गंभीर चोट लगने के कारण राम सुजान की मौके पर ही मौत हो गई.
परिजनों ने पुलिस को घेरा
हत्या की इस वारदात के बाद परिजनों ने पनवार पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि आरोपी अरुण ने दो दिन पहले भी अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर घर में आग लगा दी थी और जान से मारने की धमकी दी थी. इसकी लिखित शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचना भी मुनासिब नहीं समझा. आक्रोशित परिजनों का तर्क है कि यदि समय रहते पुलिस सक्रियता दिखाती, तो आज यह अनहोनी टाली जा सकती थी.
Payagpur Brick Kiln Accident: खेल-खेल में गई जान! ईंट भट्टे के गड्ढे में मिली 5 साल की बच्ची का शव
क्षेत्र में पसरा सन्नाटा
वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर पनवार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं आरोपी की तलाश जारी है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

