Jabalpur Central Jail Death: जबलपुर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र केंद्रीय जेल में सोमवार सुबह एक बंदी द्वारा फांसी लगाए जाने की घटना ने जेल प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना सुबह करीब साढ़े 8 बजे की बताई जा रही है.
जेल में लगाई फांसी
सूचना के बाद जेल अधीक्षक, जेलर और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और बंदी को फंदे से उतारकर तुरंत उपचार शुरू किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की जानकारी मजिस्ट्रेट को दे दी गई है और मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जेल के भीतर एक बंदी इस तरह फांसी लगाने में कैसे सफल हो गया. मामले की जांच जेल प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठा सवाल
मृतक की पहचान 58 वर्षीय गुड्डू उर्फ राजा विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो 16 अगस्त 2024 से जेल में बंद था. उस पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था और वह संजीवनी नगर का निवासी था. जेलर मदन कमलेश के अनुसार, बंदी ने जेल अस्पताल की छत पर गमछे से फांसी लगाई. बताया यह भी जा रहा है कि वह शुगर का मरीज था. फिलहाल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी, लेकिन घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.
Published by Preeti Rajput
April 20, 2026 12:04:12 PM IST

