Home > मनोरंजन > बॉलीवुड > Bhoot Bangla Box Office: बॉक्स ऑफिस पर ‘भूत बंगला’ का धमाका, अक्षय कुमार की फिल्म ने पहले वीकेंड में मचाई धूम

Bhoot Bangla Box Office: बॉक्स ऑफिस पर ‘भूत बंगला’ का धमाका, अक्षय कुमार की फिल्म ने पहले वीकेंड में मचाई धूम

Bhoot Bangla Box Office: अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ ने पहले वीकेंड में 65 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर जोरदार वापसी की है. प्रियदर्शन के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है और फिल्म अब बड़ी हिट बनने की ओर बढ़ रही है.

By: Ranjana Sharma | Published: April 20, 2026 11:33:46 AM IST



Bhoot Bangla Box Office: अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ ने पहले ही वीकेंड में ऐसा धमाका किया है, जिसका इंतजार उनके फैंस लंबे समय से कर रहे थे. लॉकडाउन के बाद लगातार बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रहे अक्षय के लिए यह फिल्म बड़ी राहत बनकर सामने आई है और अब यह एक बड़ी हिट बनने की ओर तेजी से बढ़ रही है.

16 साल बाद हिट साबित हुई अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी

साल 2000 से 2010 के बीच अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी ने कई सुपरहिट कॉमेडी फिल्में दी थीं. करीब 16 साल बाद दोनों का साथ फिर से ‘भूत बंगला’ में देखने को मिला और इस रीयूनियन को दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया. फिल्म की कॉमेडी को लेकर पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसने इसके कलेक्शन को मजबूती दी है.  फिल्म ने गुरुवार रात 9 बजे के बाद हुए पेड प्रीव्यू से ही अच्छा माहौल बनाना शुरू कर दिया था. 3.50 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म ने शानदार शुरुआत की. इसके बाद शुक्रवार को 14.40 करोड़ की कमाई करते हुए फिल्म ने करीब 18 करोड़ रुपये का ओपनिंग कलेक्शन दर्ज किया.

वीकेंड पर कलेक्शन में जबरदस्त उछाल

शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में 50 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल देखने को मिला और इसने 21.75 करोड़ रुपये की कमाई की. रविवार को भी फिल्म की रफ्तार बरकरार रही और टिकटों की जोरदार बिक्री के साथ ‘भूत बंगला’ ने 25.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इस तरह फिल्म ने पहले वीकेंड में 65 करोड़ रुपये से ज्यादा का शानदार नेट कलेक्शन कर लिया है.

लॉकडाउन के बाद अक्षय की बड़ी वापसी

लॉकडाउन के बाद अक्षय कुमार की फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिल रही थी. लेकिन ‘भूत बंगला’ ने यह ट्रेंड बदलने के संकेत दिए हैं. इससे पहले उनकी सिर्फ तीन फिल्मों ने ही पहले वीकेंड में 65 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था, जिनमें ‘सूर्यवंशी’ और ‘हाउसफुल 5’ जैसी फ्रेंचाइजी फिल्में शामिल थीं.

ऑरिजिनल कॉमेडी के लिए बदला ट्रेंड

लॉकडाउन के बाद हॉरर-कॉमेडी फिल्मों में ज्यादातर वही सफल हुईं जो किसी फ्रेंचाइजी या यूनिवर्स का हिस्सा थीं. लेकिन ‘भूत बंगला’ एक ऑरिजिनल फिल्म होते हुए भी शानदार प्रदर्शन कर रही है, जो इंडस्ट्री के लिए सकारात्मक संकेत है. फिल्म को वर्ड ऑफ माउथ का भी अच्छा फायदा मिल रहा है. अब फिल्म की असली परीक्षा सोमवार के कलेक्शन से होगी. अगर ‘भूत बंगला’ शुक्रवार के मुकाबले सोमवार को मजबूत पकड़ बनाए रखती है, तो यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हो सकती है.

Advertisement