Home > देश > हुमायूं कबीर के पैरों तले खिसकी जमीन, ओवैसी ने तोड़ा गठबंधन; अब बंगाल में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी AIMIM

हुमायूं कबीर के पैरों तले खिसकी जमीन, ओवैसी ने तोड़ा गठबंधन; अब बंगाल में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी AIMIM

Bengal Vidhansabha Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हुमायूं कबीर की पार्टी से नाता तोड़ लिया है. ओवैसी ने गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है. साथ ही उन्होंने कहा कि अब उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी.

By: Preeti Rajput | Published: April 10, 2026 7:43:53 AM IST



Bengal Vidhansabha Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच राज्य में हलचल तेज हो गई है.  AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने घोषणा कि बंगाल में अब उनकी पार्टी अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ने जा रही है. पार्टी ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी है. हुमायूं कबीर के एक कथित वीडियो के सामने आने के बाद ओवैसी ने यह फैसला किया है. 

पोस्ट शेयर कर दी जानकारी 

AIMIM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा,’हुमायूं कबीर के खुलासों ने बंगाल के मुसलमानों की असुरक्षा को उजागर किया है. एआईएमआईएम ऐसे किसी भी बयान का समर्थन नहीं कर सकती जिससे मुसलमानों की गरिमा पर सवाल उठे.’ पार्टी ने आगे लिखा कि ‘आज से एआईएमआईएम ने कबीर की पार्टी से अपना गठबंधन वापस ले लिया है. बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और शोषित समुदायों में से एक हैं. दशकों के धर्मनिरपेक्ष शासन के बावजूद उनके लिए कुछ नहीं किया गया है.’ पार्टी ने अंत में लिखा कि ‘किसी भी राज्य में चुनाव लड़ने के संबंध में एआईएमआईएम की नीति यही है कि हाशिए पर पड़े समुदायों को एक स्वतंत्र राजनीतिक आवाज मिले. हम बंगाल चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे.’

वायरल वीडियो में मचा बवाल 

हुमायूं कबीर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. जिसके बाद  पश्चिम बंगाल में राजनीतिक विवाद  छिड़ गया. वायरल वीडियो में भाजपा के  वरिष्ठ नेताओं से संबंध होने और चुनावों में सीएम ममता बनर्जी को हराने के कथित तौर पर दावा करते नजर आए. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने  प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस वीडियो को शेयर किया और  विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पीएमओ के साथ हुमायूं कबीर के कथित नजदीकी का दावा करते हुए ईडी से जांच की मांग की. 

Advertisement