Today Weather: देशभर में मौसम लगातार मिजाज बदल रहा है. कहीं तपिश वाली गर्मी तो कहीं बारिश के आसार. मार्च के महीने में ही मौसम लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है. हर जगह लोग बढ़ते तापमान से परेशान हैं. वहीं इस तपिश भरी धूप में ही लोग बेसब्री से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं. वहीं अब मौसम को लेकर मौसम विभाग (IMD) ने ताजा अपडेट जारी किया है. बता दें कि IMD ने 21 राज्यों में भारी बारिश और तूफ़ान के लिए अलर्ट भी जारी किया है. वहीं मौसम ने अचानक करवट बदल ली है. इस दौरान, 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ़्तार से हवाएँ चलने की उम्मीद है. आसमान में काले बादल छा जाएँगे, और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का ख़तरा भी बढ़ गया है. चलिए जान लेते हैं आज आपके शहर का मौसम कैसा रहने वाला है.
आज का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 19 मार्च से 22 मार्च के बीच पूरे देश का मौसम पूरी तरह से बदलने वाला है. एक पश्चिमी विक्षोभ और एक चक्रवाती परिसंचरण मिलकर मौसम पर गहरा प्रभाव डालेंगे. कई राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना है. इतना ही नहीं कई राज्यों में बिजली भी चमकने की आशंका है साथ ही ठंडी हवाएं भी चलेंगी जिसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली-NCR में 19 और 20 मार्च को मौसम में अचानक बदलाव आने की उम्मीद है. भारी बारिश और तेज़ तूफ़ान के लिए अलर्ट जारी किया गया है. हवा की रफ़्तार 60 से 75 km/h के बीच हो सकती है, जबकि हवा के कुछ झोंके इससे भी ज़्यादा तेज़ हो सकते हैं. बिजली गिरने का ख़तरा बना रहेगा, जिसके साथ-साथ बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक भी दिखाई देगी.
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम की गतिविधियाँ काफी सक्रिय रहने की उम्मीद जताई जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, UP के कई ज़िलों में 50 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है. गरज और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश का अनुमान है, और कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं.
उत्तराखंड का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में स्थिति ज़्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकती है. इन इलाकों में भारी बारिश के साथ-साथ भूस्खलन और सड़कों के बंद होने का भी खतरा है. नदियों का जलस्तर भी बढ़ सकता है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेवजह यात्रा करने से बचें और मौसम से जुड़े अपडेट्स पर लगातार नज़र रखें.
बिहार का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में बिहार और झारखंड में मौसम का असर सबसे ज़्यादा देखने को मिलेगा. यहाँ तूफ़ान जैसे हालात बनने की संभावना है, जिसके साथ तेज़ हवाएँ, बारिश और बिजली कड़कने की घटनाएँ भी हो सकती हैं. कई इलाकों में बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा, जो जानलेवा भी साबित हो सकता है.

