PM Modi Visit Mata Daat Kali Temple: पीएम मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड के अपने 27वें दौरे पर पहुंचेंगे. इस दौरान वह गणेशपुर हेलीपैड पर उतरकर सड़क मार्ग से देहरादून-सहारनपुर बॉर्डर स्थित मां डाट काली मंदिर में पहली बार दर्शन करेंगे. प्रधानमंत्री यहां विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे. यह मंदिर अपनी धार्मिक मान्यता और चमत्कारों के लिए प्रसिद्ध है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं.
मंदिर की आस्था और मान्यताएं
मां डाट काली मंदिर को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी आस्था है. मान्यता है कि देहरादून में प्रवेश करने से पहले श्रद्धालु यहां माथा टेककर माता का आशीर्वाद लेते हैं. ऐसा माना जाता है कि माता के दर्शन किए बिना शहर में प्रवेश अधूरा रहता है. यही वजह है कि यह मंदिर यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए एक आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है.
श्रद्धालुओं के अनुभव और चमत्कार
कई श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कठिन समय में माता ने उनकी मदद की. चंपावत के रहने वाले दिनेश सिंह ने बताया कि जीवन के सबसे मुश्किल दौर में, जब उनका एक्सीडेंट हुआ, व्यापार में भारी नुकसान हुआ और परिवार में दुखद घटनाएं हुईं, तब उन्होंने मां काली से प्रार्थना की. उनके अनुसार, माता की कृपा से उनकी स्थिति सुधरी और वह आर्थिक संकट से बाहर निकल पाए. यह अनुभव मंदिर की चमत्कारी छवि को और मजबूत करता है.
संतान प्राप्ति की कहानी
देहरादून की ज्योति ने भी एक भावुक अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि शादी के बाद लंबे समय तक संतान सुख नहीं मिलने के कारण उन्होंने मां डाट काली से मन्नत मांगी थी. करीब 10 साल बाद उनकी गोद भरी और आज उनकी बेटी 12 साल की हो चुकी है. उनके अनुसार, यह सब माता की कृपा का परिणाम है. ऐसे कई किस्से इस मंदिर की आस्था को और गहरा बनाते हैं.
मंदिर का ऐतिहासिक महत्व
इस मंदिर का इतिहास भी बेहद रोचक है. 19वीं सदी में अंग्रेजों द्वारा देहरादून और सहारनपुर के बीच सुरंग निर्माण के दौरान कई बाधाएं आ रही थीं. कहा जाता है कि एक अंग्रेज इंजीनियर की मां को सपने में मां काली के दर्शन हुए, जिन्होंने मंदिर बनाने का निर्देश दिया. इसके बाद मंदिर का निर्माण किया गया और फिर सुरंग का काम सफलतापूर्वक पूरा हुआ. यह घटना मंदिर के चमत्कारी इतिहास को दर्शाती है और इसे विशेष धार्मिक महत्व प्रदान करती है.
‘इतिहास रचने के करीब संसद’, नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में क्या बोले पीएम मोदी?

