LPG booking scam: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच भारत में एलपीजी सिलेंडर की मांग बढ़ने से कई शहरों में गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें लग रही हैं. इसी स्थिति का फायदा उठाकर साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं. दिल्ली पुलिस ने चेतावनी जारी कर लोगों से कहा है कि गैस बुकिंग के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल, मैसेज और लिंक से सतर्क रहें, क्योंकि इनके जरिए बैंक डिटेल्स और पैसे ठगे जा सकते हैं.
गैस संकट के बीच बढ़ी लोगों की परेशानी
मिडिल ईस्ट में तनाव और सप्लाई चेन की समस्या के कारण कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं. इसका असर कई शहरों में देखने को मिल रहा है, जहां गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं. कुछ जगहों पर बुकिंग के बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आई हैं.
ठग बन रहे गैस एजेंसी के कर्मचारी
पुलिस के मुताबिक साइबर ठग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर लोगों को फोन करते हैं. वे दावा करते हैं कि युद्ध या सप्लाई संकट के कारण जल्द ही गैस की भारी कमी हो जाएगी, इसलिए तुरंत सिलेंडर बुक करवा लें.
फर्जी मैसेज और व्हाट्सएप लिंक से जाल
ठग लोगों को मैसेज या व्हाट्सएप लिंक भेजते हैं जिसमें लिखा होता है कि जल्दी बुकिंग कर लें, नहीं तो स्टॉक खत्म हो जाएगा. लिंक पर क्लिक करते ही फर्जी वेबसाइट खुलती है, जहां बैंक डिटेल्स, कार्ड नंबर, OTP या UPI पेमेंट मांगा जाता है. भुगतान करने के बाद न तो सिलेंडर मिलता है और न ही पैसे वापस मिलते हैं.
तेल कंपनियों ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
तेल कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियमने साफ किया है कि घरेलू LPG सिलेंडर की कोई बड़ी कमी नहीं है. सामान्य तौर पर बुकिंग के बाद 2 से 3 दिन में डिलीवरी की जा रही है.
ऐसे करें सुरक्षित LPG बुकिंग
पुलिस ने सलाह दी है कि सिलेंडर हमेशा आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या IVRS नंबर से ही बुक करें. उदाहरण के तौर पर Indane के लिए 7718955555 नंबर से बुकिंग की जा सकती है. किसी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें. अगर LPG बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो जाएं तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं. समय रहते शिकायत करने से पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है.