Assam Elections 2026: असम में 2026 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इस बीच ममता बनर्जी की पार्टी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने अपनी पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है. लिस्ट में 17 सीटों के लिए कैंडिडेट्स के नाम शामिल किए गए हैं. इससे साफ है कि पार्टी इस बार असम में अपनी ताकत दिखाना चाहती है और राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की योजना बना रही है.
तृणमूल कांग्रेस ने उम्मीदवारों का चयन राज्य के अलग-अलग जिलों और समुदायों को ध्यान में रखकर किया है. पार्टी ने बोडोलैंड, ब्रह्मपुत्र घाटी और बराक घाटी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी उम्मीदवार उतारकर चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज करने का प्रयास किया है. ये रणनीति स्थानीय मुद्दों और समाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है.
किन सीटों पर किसे मौका
पार्टी ने पहली लिस्ट में कई बड़ी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है. कोकराझार जिले की बाओखुंगरी सीट से उदांगश्री नारजारी, धुबरी के बिलासीपारा से मोमिनुर इस्लाम, गोलपाड़ा के जलेश्वर से आरिफ अख्तर अहमद, और बोंगाईगांव के अभयापुरी से कौशिक रंजन दास को टिकट दिया गया है. बजाली सीट से कल्याणी कलिता मैदान में हैं.
कामरूप और तिनसुकिया में दावेदारी
कामरूप जिले में चमरिया से दुलु अहमद और बोकों-चायगांव (एसटी) से भोगलाल राभा को उम्मीदवार बनाया गया है. नलबाड़ी के बरखेत्री से आमिरुल इस्लाम और तमुलपुर के गोरेश्वर से राजन चौहान को टिकट मिला है. तिनसुकिया जिले से डिगबोई में जितेन नाग और माकुम में दिलीप मोरन मैदान में हैं.
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 17 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। pic.twitter.com/H6M2uFVluM
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 21, 2026
दक्षिण असम में मजबूत उपस्थिति
बराक घाटी क्षेत्र में भी पार्टी ने अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है. कछार जिले से उधरबोंड में तपस दास, कटीगोराह में फजलुर रहमान लस्कर और सोनाई में शाहजहां लस्कर को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा दरांग, धेमाजी और अन्य जिलों में भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, जिससे राज्य भर में संतुलन बनाए रखने का प्रयास दिखता है.
भाजपा और कांग्रेस को चुनौती
तृणमूल कांग्रेस का मकसद असम में भाजपा और कांग्रेस के बीच तीसरा विकल्प बनना है. पार्टी स्थानीय मुद्दों, जातीय और भाषाई संतुलन को ध्यान में रखते हुए चुनाव लड़ना चाहती है. पहली लिस्ट से ये संकेत मिलता है कि आने वाले समय में पार्टी और भी सीटों पर उम्मीदवार उतारकर चुनावी मुकाबले को और रोमांचक बनाएगी.