Yash Toxic film: सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक की रिलीज़ डेट को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है. पहले यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसे करीब ढाई महीने आगे बढ़ाते हुए रिलीज करने का फैसला लिया है. इस फैसले के बाद फिल्म का मुकाबला अब सीधे वरुण धवन की फिल्म है जवानी तो इश्क होना है से हो सकता है, जो 5 जून को रिलीज होने वाली है.
पहले होने वाला था बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश
दरअसल 19 मार्च को ‘टॉक्सिक’ का मुकाबला रनवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 से होने वाला था. इस टकराव को भारतीय सिनेमा के बड़े बॉक्स ऑफिस क्लैश में से एक माना जा रहा था. लेकिन ‘टॉक्सिक’ की रिलीज टलने के बाद ‘धुरंधर 2’ के लिए रास्ता काफी हद तक साफ हो गया है.
इस कारण बड़ी रिलीज डेट
फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक बयान में कहा कि ‘टॉक्सिक’ को दुनियाभर के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है. यह कन्नड़ और अंग्रेजी में तैयार की गई है ताकि अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक भी पहुंच सके. मेकर्स के मुताबिक मिडिल ईस्ट में मौजूदा अनिश्चित हालात-खासतौर पर ईरान-इजराइल जंग के कारण फिल्म की पहुंच प्रभावित हो सकती थी. इसी वजह से रिलीज डेट आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया.
खाड़ी देशों में यश की बड़ी फैन फॉलोइंग
फिल्म की रिलीज टलने के पीछे एक बड़ी वजह खाड़ी देशों का बाजार भी माना जा रहा है. दरअसल केजीएफ चैप्टर 2 की ऐतिहासिक सफलता के बाद यश की लोकप्रियता भारत से बाहर भी तेजी से बढ़ी है. खासकर मिडिल ईस्ट में उनकी फिल्मों की जबरदस्त मांग है. रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘टॉक्सिक’ के विदेशी वितरण अधिकार करीब 105 करोड़ रुपये में बिके हैं, जो इस क्षेत्र में यश की मजबूत बॉक्स ऑफिस वैल्यू को दर्शाता है.
‘शून्य से शिखर’ तक की कहानी
यश की लोकप्रियता के पीछे उनकी निजी यात्रा भी एक बड़ा कारण मानी जाती है. साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले यश ने अपने करियर की शुरुआत छोटे कामों से की और आज वह पैन-इंडिया सुपरस्टार बन चुके हैं. उनकी मेहनत, दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और अलग अंदाज ने उन्हें देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भी खास पहचान दिलाई है.
नया रिकॉर्ड बना सकते हैं यश
अगर ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग हासिल करती है तो यश कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के ऐसे अभिनेता बन सकते हैं जिनकी दो फिल्मों ने दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग ली हो. इससे पहले केजीएफ चैप्टर 2 ने रिलीज के पहले दिन वैश्विक स्तर पर करीब 155 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था.