4
Sunny Deol new Flim: जहां बॉलीवुड में कई सितारे उम्र के साथ धीमे पड़ जाते हैं, वहीं सनी देओल एक अलग ही रफ्तार में नजर आ रहे हैं. लगातार मिल रही सफलताओं के बाद अब वह अपने करियर के ऐसे दौर में हैं, जहां एक के बाद एक बड़े प्रोजेक्ट्स उनके खाते में जुड़ते जा रहे हैं. खास बात यह है कि उनकी फिल्मों में आज भी वही पुराना दमदार एक्शन और जोश देखने को मिल रहा है, जिसने उन्हें ‘एक्शन हीरो’ की पहचान दिलाई.
सनी देओल का ‘एंटनी’ पर फोकस
इन दिनों सनी देओल अपनी अगली फिल्म एंटनी की शूटिंग में व्यस्त हैं. फिल्म का पहला शेड्यूल मुंबई में पूरा हो चुका है, जबकि अब टीम गोवा में अहम सीन फिल्मा रही है. खबर है कि यहां समुद्र किनारे बड़े पैमाने पर एक्शन सीक्वेंस शूट किए जा रहे हैं, जिनमें सनी खुद स्टंट करते नजर आएंगे. इस फिल्म में वह एक सख्त पुलिस अधिकारी के रोल में हैं, जो अपराध के बड़े नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर निकलता है. फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं बालाजी गणेश.
दमदार स्टारकास्ट और टक्कर का विलेन
एंटनी में सनी देओल के सामने खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं विजय वर्मा, जो अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं. वहीं, साउथ की लोकप्रिय अभिनेत्री ज्योतिका भी फिल्म में महत्वपूर्ण किरदार निभाती दिखेंगी. यह कास्टिंग फिल्म को और दिलचस्प बना रही है.
‘रामायण’ में दिखेगा अलग रूप
एक्शन के अलावा सनी देओल इस साल एक पौराणिक किरदार में भी नजर आने वाले हैं. फिल्म Ramayana में वह भगवान हनुमान की भूमिका निभाएंगे. दीवाली पर रिलीज होने वाली इस फिल्म को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है.
लगातार बड़ी फिल्मों की लाइन
सनी देओल के पास सिर्फ एक-दो नहीं, बल्कि कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं. लाहौर 1947 और इक्का जैसी फिल्में भी उनकी झोली में हैं. यही वजह है कि वह एक बार फिर इंडस्ट्री में मजबूती से अपनी पकड़ बनाते दिख रहे हैं. आज के दौर में जहां कंटेंट और स्टाइल लगातार बदल रहा है, वहां सनी देओल अपनी पुरानी ताकत*दमदार डायलॉग, भारी-भरकम एक्शन और इमोशनल अपील-के साथ दर्शकों से जुड़ रहे हैं. यही वजह है कि उनकी हर नई फिल्म का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं.