Home > मनोरंजन > बॉलीवुड > Rohit Shetty House Firing: कौन है रोहित शेट्टी का ‘छिपा’ दुश्मन, जिसने घर पर करवाई 4 राउंड फायरिंग

Rohit Shetty House Firing: कौन है रोहित शेट्टी का ‘छिपा’ दुश्मन, जिसने घर पर करवाई 4 राउंड फायरिंग

Rohit Shetty House Firing: मुंबई के जुहू में रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग से हड़कंप मच गया. रोहित शेट्टी के करीबी के मुताबिक, घर के बाहर से एक अज्ञात शख्‍स ने गोलीबारी की और मौके से भाग गया.

By: JP Yadav | Last Updated: February 1, 2026 7:05:44 AM IST



Rohit Shetty House Firing: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है. बॉलीवुड के नामी फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर 4 राउंड फायरिंग करके अज्ञात हमलावर फरार हो गए. पूरा मामला शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि का है. इसके बाद मुंबई पुलिस में हड़कंप मच गया. एहतियातन पुलिस की ओर से जुहू स्थित रोहित शेट्टी के आवास के आसपास सुरक्षा कड़ी करते हुए भारी पुलिस तैनात कर दिया गया है. फायरिंग के समय आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड गोलियों की आवाज सुनी. इसके बाद  वहां पर अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई. कंट्रोल रूम में सूचना मिलने पर पुलिस और सिक्युरिटी एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की. मामला हाई प्रोफाइल होने क चलते शहर की पुलिस, जोनल यूनिट और क्राइम ब्रांच के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है. सूत्रों के मुताबिक, इसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ हो सकता है, लेकिन जांच के  बाद कुछ ठोस कहा जा सकता है. 

अब तक किसी ने नहीं ली फायरिंग की जिम्मेदारी

रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी अब तक किसी ने नहीं ली है. उधर, मुंबई पुलिस ने फायरिंग मामले की जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही हमलावरों की पहचान करने के लिए हर संभव एंगल से जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, हमले के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चला है. पुलिस अधिकारियों की मानें तो मुंबई में बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू वाले घर के पास शनिवार देर रात को 4 गोलियां दागी गईं. इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

उधर, मामले में मुंबई पुलिस कमिश्नर ने घटना की पुष्टि की और कहा कि जांच जारी है. उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में फायरिंग हुई है. मुंबई पुलिस कमिश्नर का कहना है कि हम दोषियों की पहचान करने के लिए सभी संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं. अधिकारियों ने कहा कि वे इंटरनेशनल गैंग के संभावित शामिल होने की भी जांच कर रहे हैं, हालांकि अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है. इससे पहले सलमान खान के आवास के बाहर भी फायरिंग हो चुकी है. 

कब हुई फायरिंग?

मिली जानकारी के अनुसार, रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की यह घटना शनिवार रात करीब 3 बजे हुई. मामले पर अभी रोहित शेट्टी या पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. रोहित शेट्टी उस समय घर पर थे या नहीं? इसकी भी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है. बॉलीवुड इससे पहले भी अंडरवर्ल्ड या फिर गैंगस्टर के निशाने पर रहा है. मुंबई के सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के बाद कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर तीन बार फायरिंग हो चुकी है. पूरी घटना को जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी. गैंग की तरफ से उन्हें कई बार धमकी भी दी जा चुकी है.  14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में फायरिंग हुई थी. इनमें से एक आरोपी ने खुदकुशी कर ली. इसमें भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया.  

Advertisement