Home > मनोरंजन > बॉलीवुड > Bhooth Bangla Teaser Review: 16 साल बाद पर्दे पर लौटी अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी, रिलीज हुआ हॉरर कॉमेडी का टीजर

Bhooth Bangla Teaser Review: 16 साल बाद पर्दे पर लौटी अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी, रिलीज हुआ हॉरर कॉमेडी का टीजर

Bhooth Bangla Teaser Review: 'भूत बंगला' का टीजर रिलीज हो गया है, जिसमें Akshay Kumar का मजेदार कॉमिक अंदाज देखने को मिला. Priyadarshan के निर्देशन में बनी येे हॉरर-कॉमेडी 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

By: sanskritij jaipuria | Published: March 12, 2026 2:05:12 PM IST



Bhooth Bangla Teaser Review: ‘भूत बंगला’ का टीजर गुरुवार यानी आज रिलीज किया गया. इस फिल्म में अक्षय कुमार मेन रोल में हैं और इसे फेमस डायरेक्टर प्रियदर्शन ने निर्देशित किया है. करीब 1 मिनट 23 सेकंड लंबे इस टीजर में डर और कॉमेडी का मजेदार मिश्रण देखने को मिलता है. टीजर में अक्षय कुमार का हल्का-फुल्का और मजाकिया अंदाज नजर आता है, जहां वे एक ऐसे घर में रहते हैं जो कथित तौर पर भूतिया है. उनकी कॉमिक टाइमिंग देखकर कई लोगों को उनकी पुरानी फिल्म Bhool Bhulaiyaa की याद आ गई.

 टीजर में दिखी रहस्यमयी कहानी

टीजर की शुरुआत मंगलपुर के वधुसुर नाम के एक रहस्यमयी किस्से से होती है. कहानी के मुताबिक, इस जगह पर जो भी शादी करने की हिम्मत करता है, उसकी जान खतरे में पड़ जाती है. इसी जगह पर अक्षय कुमार के किरदार को एक विशाल महल विरासत में मिलता है, जो आकार में लगभग बकिंघम पैलेस जैसा बताया गया है.

टीजर में फिल्म के बाकी कलाकारों की भी झलक मिलती है, जिनमें परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव, मिथिला पालकर, जिशु सेनगुप्ता, राजेश शर्मा और आस्था असरानी शामिल हैं. शुरुआत में अक्षय का किरदार भूत-प्रेत की बातों पर विश्वास नहीं करता, लेकिन टीजर के अंत तक संकेत मिलते हैं कि जल्द ही उसकी सोच बदलने वाली है.

लोगों को आई ‘भूल भुलैया’ की याद

टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई लोगों ने अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग की जमकर तारीफ की. कुछ फैंस ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि ये फिल्म उन्हें फिर से Bhool Bhulaiyaa की याद दिला रही है. गौरतलब है कि प्रियदर्शन और अक्षय कुमार इस फ्रेंचाइजी के बाद बने सीक्वल्स में शामिल नहीं थे. ‘भूल भुलैया-2’ और ‘भूल भुलैया-3’ का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था और इनमें कार्तिक आर्यन लीड रोल में नजर आए थे.

टीजर देखकर कई फैंस ने कहा कि अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी फिर से बड़े पर्दे पर धमाल मचाने वाली है. कुछ यूजर्स ने तो इसे पहले से ही ब्लॉकबस्टर तक बता दिया.

 फिल्म के बारे में खास बातें

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी पहले भी कई हिट कॉमेडी फिल्मों में साथ काम कर चुकी है, जैसे हेरा फेरी, गरम मसाला, भागम भाग, दे दना दन और खट्टा मीठा. अब दोनों फिर से भूत बंगला के साथ वापसी कर रहे हैं. फिल्म की कहानी आकाश कौशिक ने लिखी है, जबकि स्क्रीनप्ले प्रियदर्शन, रोहन शंकर और अभिलाष नायर ने इसे तैयार किया है. डायलॉग्स रोहन शंकर ने लिखे हैं और संगीत प्रितम ने दिया है. ये फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

इसके अलावा, प्रियदर्शन एक और थ्रिलर फिल्म हैवान पर भी काम कर रहे हैं, जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान नजर आएंगे. ये फिल्म 2016 की मलयालम हिट ओप्पम की रीमेक है. इसमें सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी.

Advertisement